ग्राम बिछिया और बरखेड़ा जागीर में शिविर का आयोजन हुआ
विदिशा : बुधवार, जून 11, 2025,
विदिशा जिले मे किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा कृषि संबद्ध विभाग द्वारा खरीफ पूर्व विकसित कृषि संकल्प अभियान का संचालन 29 मई से 12 जून 25 तक किया जा रहा है। अभियान तहत आज बिछिया तहसील शमशाबाद तहसील के ग्राम बिछिया और बरखेड़ा जागीर में शिविर का आयोजन किया गया था। बिछिया गांव मेऔ आयोजित शिविर में स्थानीय तहसीलदार ने अपनी उपस्थिति में राजस्व विभाग से संबंधित जानकारियां सांझा की। वहीं अन्य विभागों के खंड स्तरीय अधिकारी कर्मचारियों ने आयोजन के उद्देश्यों व विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों को सांझा करते हुए किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
शिविर में कृषि वैज्ञानिक द्वारा कृषि क्षेत्र में प्रगति के द्वार कैसे खोलें इसके लिए क्या करें, क्या ना करे से अवगत कराते हुए नवाचारों का खेतों में उपयोग करने का कृषकों से आव्हान किया है।
अभियान के उद्देश्यों को रेखांकित कर खरीफ पूर्व तैयारी के लिए उन्नत एवं वैज्ञानिक तकनीकों , नवीन अनुसंधानों एवं राज्य सरकार की योजनाओं, प्राकृतिक खेती, जल प्रबंधन फसल विविधिकरण, पशुपालन, उद्यानिकी, मछली पालन एवं कृषि यंत्रीकरण की जानकारियों से अवगत कराया गया ताकि, कृषकों की आय में वृद्धि हो और वे सतत् कृषि पद्धतियों को अपना सकें।
शिविर में किसानों को नरवाई ना जलाने के लिए प्रेरित करते हुए नरवाई जलाने से मिट्टी व पर्यावरण को होने वाले नुकसानों के बारे में बताया गया। साथ ही कृषक बंधुओं को नवीन किस्मो, फसल में आने वाले रोग कीट एवं रोकथाम की जानकारी दी, आईसीटी का उपयोग, डीएसआर, फसल विविधिकरण की नवीन तकनीकों से किसानो को अवगत कराया गया। खाद के वेकल्पिक नैनो यूरिया, नेनो डीएपी के उपयोग की अनुशंसा की।




