शेयर मार्केट में पिछले दो तीन साल में बेहद तेज़ी का माहौल रहा है. बाज़ार की इस तेज़ी में पीएसयू स्टॉक ने निवेशकों को ऐसा रिटर्न दिया है, जो अपनी मिसाल आप है. किसी भी निवेशक ने पीएसयू स्टॉक से इतने बड़े रिटर्न की उम्मीद नहीं की थी. रेलवे, डिफेंस सेक्टर के पीएसयू स्टॉक इस बाज़ार में जमकर चले.
लेकिन लोकसभाचुनाव परिणाम के बाद पीएसयू स्टॉक में प्रॉफिट बुकिंग का दौर आया. कुछ स्टॉक के वैल्यूएशन पर सवाल उठे, लेकिन कुछ स्टॉक ऐसे भी हैं, जिन पर शेयर मार्केट एक्सपर्ट्स अब भी बुलिश हैं. रिसर्च एनालिस्ट कुणाल बोथरा ने पीएसयू स्टॉक REC Limited को खरीदने की सलाह दी है. बुधवार सुबह REC Limited के शेयर 0.50 प्रतिशत की तेज़ी के साथ 620.55 रुपए के लेवल पर ट्रेड कर रहे थे.
कुणाल बोथरा ने आरईसी लिमिटेड पर बाय कवरेज शुरू की है. आरईसी लिमिटेड विद्युत मंत्रालय के तहत एक महारत्न कंपनी है. सरकारी कंपनी को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जिम्मेदारी दी गई है. 30 जून 2024 तक आरईसी की लोन बुक 5.30 लाख करोड़ रुपये और नेट वर्थ 72,351 करोड़ रुपये है.
इस पीएसयू ने वधावन बंदरगाह के विकास सहित विभिन्न आगामी प्रोजेक्ट के लिए 45,000 करोड़ रुपये तक के फाइनेंस के लिए जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (जेएनपीए) के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए.
बुधवार को मार्केट ओपनिंग के बाद आरईसी लिमिटेड के स्टॉक में 13.65 लाख से ज्यादा इक्विटी शेयरों का कारोबार हुआ. कंपनी का कुल मार्केट कैप 1,63,733.87 करोड़ रुपये है.
रिसर्च एनालिस्ट कुणाल बोथरा ने आरईसी लिमिटेड पर बाय रेटिंग देते हुए इसका टारगेट प्राइस 650 रुपये तय किया है. उन्होंने कहा कि स्टॉप लॉस 600 रुपये होना चाहिए.
आरईसी लिमिटेड के शेयरों ने पिछले 3 महीनों और 6 महीनों में क्रमशः 6.57 प्रतिशत और 39.21 प्रतिशत का पॉज़िटिव रिटर्न दिया है. हालांकि पिछले एक माह से यह स्टॉक खामोश है और इसमें 4 प्रतिशत का नेगेटिव रिटर्न है. ईयर टू डेट बेसिस पर कंपनी के शेयरों में 45.41 प्रतिशत की वृद्धि हुई.
पिछले एक वर्ष, दो वर्ष, तीन वर्ष, पांच वर्ष और 10 वर्ष में सरकारी कंपनी के शेयरों में क्रमशः 157.82 प्रतिशत, 468.23 प्रतिशत, 462.38 प्रतिशत, 467.24 प्रतिशत और 519.08 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है.




