नई दिल्ली: वेदांता ग्रुप की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान जिंक के शेयरों पर आज निवेशकों की कड़ी नजर रहने वाली है. आज यानी बुधवार को यह स्टॉक एक्स डिविडेंड डेट पर ट्रेड कर रहा है. जिंक प्रोडक्शन के मामले में देश की सबसे बड़ी और वैश्विक स्तर पर दूसरे नंबर की कंपनी हिंदुस्तान जिंक ने वित्त साल 2024-25 के लिए दूसरी बार 19 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है.
950% अंतरिम डिविडेंड
इसके अलावा डिविडेंड के लिए पात्र शेयरधारकों के पहचान के लिए आज रिकॉर्ड डेट भी है. कंपनी ने अपने एक बयान में कहा था कि 20 अगस्त को आयोजित वार्षिक बैठक में 2 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के फेस वैल्यू पर 19 रुपये प्रति इक्विटी शेयर यानी 950% के दूसरे अंतरिम डिविडेंड की मंजूरी दी गई है. जो 8028.11 करोड़ रुपये होगा.
2023 में 4 बार दिया था लाभांश
वेदांता ग्रुप की इस दिग्गज कंपनी ने इससे पहले मई महीने में भी अंतरिम डिविडेंड जारी किया है. इस दौरान हिंदुस्तान जिंक ने अपने शेयरधारकों को प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 10 रुपये का लाभांश जारी किया था. वहीं, साल 2023 में शेयरधारकों को 4 बार लाभांश जारी किया गया था. जनवरी 2023 में कंपनी ने 13 रुपये, मार्च 2023 में 26 रुपये, जुलाई 2023 में 7 और दिसंबर 2023 6 रुपये प्रति शेयर का लाभांश दिया गया था.
एक साल में 67 प्रतिशत बढ़े शेयर
बता दें कि पिछले एक सप्ताह के दौरान Hindustan Zinc के शेयर करीब 4 प्रतिशत बढ़े हैं, जबकि बीते एक महीने के दौरान इसमें 11 प्रतिशत का उछाल आया है. वहीं, 6 महीने में 72 प्रतिशत से अधिक की बढ़ोतरी हुई है. एक साल के दौरान 67 प्रतिशत का रिटर्न दिया है.




