भोपाल । शहर भर में गुरुवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह दिखा। नंद घर आनंद भयो जय कन्हैयालाल, गोविंदा आला रे के जयकारों के साथ शहर में कई स्थानों पर शोभायात्राएं निकाली गईं। शाम पांच बजे से मंदिरों में भी श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के लिए आयोजन शुरू हुए। भजन संध्या। मटकी फोड़ सहित सांस्कृतिक आयोजन चलते रहे। जैसे ही गुरुवार- शुक्रवार की मध्यरात्रि में जैसे ही 12 बजे। वैसे ही पूरा शहर भगवान श्रीकृष्ण भक्ति में डूब गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की खुशियां मनाई गईं। विद्युत साज-सज्जा से सजे बिड़ला मंदिर,भेल, बरखेड़ी, शिवाजी नगर सहित सभी श्रीकृष्ण मंदिरों में लड्डू गोपाल का स्वागत किया गया। आरती के बाद बधाई गीत हुए। पंजीरी का प्रसाद वितरित किया गया। मां वैष्णो धाम आदर्श नौदुर्गा मंदिर में जन्माष्टमी महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। यहां सबसे बड़े लड्डू गोपाल की पूजा अर्चना की गई। इस्कान मंदिर पटेल नगर की ओर से धार्मिक अनुष्ठान किए गए। राधे-राधे के जयकारे लगे। इसमें बड़ी संख्या में देश के अलग-अजग राज्यों से श्रीकृष्ण के भक्त शामिल हुए।
सीएम हाउस में छाया जन्माष्टमी का उल्लास
मुख्यमंत्री आवास पर भी धूमधाम से कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। मुख्यमंत्री शिवराज ने सपरिवार बाल-गोपाल की पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री आवास परिसर में रासलीला, भजन संध्या और मटकी फोड़ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री शिवराज भी भक्ति रंग में रगे और काफी उत्साह में नजर आए। उन्होंने भजन गायकों के साथ सुर में सुर मिलाए और मटकी भी फोड़ी।
बरखेड़ी मंदिर में मुख्यमंत्री ने की पूजा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बरखेड़ी स्थित अहीर यादव समाज के राधाकृष्ण मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। इस मौके पर उन्होंने जन्माष्टमी पर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि भगवान सब पर कृपा और आशीर्वाद की वर्षा करें। इस मौके पर मंदिर परिसर से आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। इसमें विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियां बैंड, बग्गियां आदि शामिल हुए।
रीजी मंदिर से निकला चल समारोह
श्रीजी मंदिर लखेरापुरा में गुरूवार सुबह छह बजे पंचामृत स्नान के बाद भगवान श्रीकृष्ण का तिलक उत्सव किया गया। इसके बाद दोपहर में यहां से एक चल समारोह निकाला गया। यह चल समारोह लोहा बाजार, जुमेराती, मंगलवारा, इतवारा, चौक होता हुआ भवानी चौक सोमवारा पहुंचा। चल समारोह मार्ग में 21 स्थानों पर मटकियां बांधी गई। चल समारोह में शामिल ग्वाल गोपाल मटकियां फोड़ते हुए आगे बढ़ते जा रहे थे।
नेहरू नगर में मटकी फोड़ में अभिनेता गोविंदा को देखने उमड़े लोग
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शहर के नेहरू नगर चौराहा में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में फिल्म अभिनेता गोविंदा शामिल हुए। उन्हें देखने बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। उन्होंने नृत्य की प्रस्तुति व डायलाग लोगों को सुनाए। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न स्थानों से टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम को 1. 11 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। गोविंदा का पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक पीसी शर्मा, गुड्डू चौहान सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
अवधपुरी में मटकी फोड़ी गई
अवधपुरी में मटकी फोड़ का आयोजन रखा गया। मुंबई आए कलाकारों ने नृत्य की प्रस्तुति दी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 51000 रुपये की राशि दी गई। इसमें विधायक कृष्णा गौर, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
बिड़ला मंदिर : बिड़ला मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर लक्ष्मी-नरायाण का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ देखते हुए विशेष प्रबंध किए गए। इस मौके पर मंदिर मे भजन संध्या का आयोजन हुआ।
बांके बिहारी मंदिर : माता मंदिर स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में श्री कृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया। मंदिर में आकर्षक फूलों से साज-सज्जा की गई। सुबह भगवान का अभिषेक हुआ। प्रसाद वितरण के साथ दिनभर श्रद्धालु आते रहे।
दादाजी धाम : राजधानी के पटेल नगर रायसेन रोड भोपाल मे स्थित दादाजी धाम मंदिर मे श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव व अंनत श्री दादाजी गुरुदेव जन्मोत्सव एवं मीराबाई का प्राणप्रतिष्ठा दिवस बड़ी धूमधाम से मना।
श्रीराम मंदिर : पुराने शहर स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। गीता और सहस्त्रार्चन पाठ हुआ। इसके बाद महिलाएं और कन्याएं भगवान कृष्ण की प्रतिमा को पालकी में रखकर झूलाया। भंडारा भी हुआ।
भेल बरखेड़ा : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण मंदिर बरखेड़ा भेल भोपाल में रासलीला एवं बृज की होली की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में मथुरा वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकार भाग लिया। मंदिर में पूरे दिन भजन हुए एवं प्रसादी वितरित की गई।
जेल में सजी मनोरम झांकी, बंदियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
सेंट्रल जेल भोपाल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व गुरुवार को हर्ष और उमंग से मनाया गया। नंदलाल की बाल लीलाओं की मोहक झांसी सजाई गई थी। इस अवसर पर बंदियों ने रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। समारोह के मुख्य अतिथि राज्य मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष मनोहर ममतानी थे। विशेष अतिथि के रूप में प्रमुख सचिव संजीव झा मौजूद रहे। अध्यक्षता जेल महानिदेशक राजेश चावला ने की। सुबह 11 बजे से शुरू हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला दोपहर एक बजे तक चला। इस अवसर पर पात्रता के अनुसार बंदियों को सजा में माफी की घोषणा की गई। उपवास रखने वाले बंदियों को फलाहार वितरित किया गया। इस अवसर पर जेल विभाग के अन्य आला अधिकारी, कर्मचारी भी उपस्थित रहे।