Mutual Fund: इक्विटी म्यूचुअल फंड में होने वाला निवेश मई के महीने में आधा होकर 3,240 करोड़ रुपये रह गया. चढ़ते बाजार में निवेशकों के मुनाफा वसूली करने से इस निवेश में लगातार दूसरे महीने गिरावट आई है. म्यूचुअल फंड का प्रबंधन करने वाली कंपनियों के संगठन एम्फी की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों से यह तथ्य सामने आया है.
म्यूचुअल फंड
म्यूचुअल फंड उद्योग के प्रबंधन-अधीन परिसंपत्तियों का आकार अप्रैल अंत के 41.62 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर मई अंत में 43.2 लाख करोड़ रुपये हो गया. आंकड़ों के अनुसार, मई में इक्विटी म्यूचुअल फंड में 3,240 करोड़ रुपये आए, जो अप्रैल में आए 6,480 करोड़ रुपये से बहुत कम हैं. इसके पहले मार्च में शुद्ध निवेश 20,534 करोड़ रुपये का हुआ था.
म्यूचुअल फंड में निवेश घटा
कोटक महिंद्रा एसेट मैनेजमेंट कंपनी के बिक्री एवं विपणन प्रमुख मनीष मेहता ने कहा, “बाजार में जारी तेजी के बीच मुनाफावसूली करने के अलावा छुट्टियां मनाने और शिक्षा के लिए खर्च बढ़ने से संभवतः मई में म्यूचुअल फंड में निवेश घटा है.” इसके अलावा मासिक किस्तों के जरिए म्यूचुअल फंड में निवेश मई, 2023 के दौरान बढ़कर 14,000 करोड़ रुपये को पार कर गया. यह अप्रैल में 13,728 करोड़ रुपये रहा था.




