शेयर बाजार (Share Bazar) में मौजूद निवेशक कंपनियों के हर एक छोटे-बड़े पर नजर बनाए रहते हैं। निवेशक उसी आधार पर अपने भविष्य के निवेश का फैसला भी करते हैं। यही वजह है कि जब किसी कंपनी के शेयरों में उछाल देखने को मिलती है तो अमूमन देखा जाता है कि उससे जुड़ी कोई ना कोई डेवलेपमेंट भी रहता है। इसका ताजा उदाहरण चेन्नई पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड (Chennai Petroleum Corporation Limited) के शेयर हैं। कंपनी के शेयरों में बुधवार को तेजी देखने को मिली थी। एक समय चेन्नई पेट्रोलियम कारपोरेशन लिमिटेड के शेयर 10 प्रतिशत तक चढ़ गए थे। एनएसई (NSE) में कंपनी के शेयर 314.40 रुपये पर बंद हुए थे। चेन्नई पेट्रोलियम लिमिटेड के शेयरों में उछाल की बड़ी वजह बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का एक फैसला है। बता दें, इस स्टॉक (Stock) में शेयर बाजार के बड़े प्लेयर्स में से एक डॉली खन्ना (Dolly Khanna) ने भी दांव लगाया है।
क्या है बोर्ड का फैसला?
कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड और 9 अन्य कंपनियों के साथ मिलकर एक प्रोजेक्ट के लिए ज्वाइंट वेंचर बनाने की अनुमति दे दी है। बोर्ड के इसी फैसले की जानकारी जैसे ही बाजार को मिली कंपनी के शेयर उड़ान भरने लगे। बता दें, जिस ज्वाइंट वेंचर में शामिल कंपनियां तमिलनाडु के नागपट्टिनम जिले में 31850 करोड़ रुपये के रिफाइनरी प्रोजेक्ट पर मिलकर काम करेंगी।
इस साल निवेशकों को मिला है तगड़ा रिटर्न
पिछले पांच दिनों के दौरान कंपनी के शेयरों में 10.86 प्रतिशत की उछाल देखने को मिली। इस दौरान शेयर का भाव 283.60 रुपये से बढ़कर 314.40 रुपये के लेवल पर पहुंच गया। बीते एक महीने की बात करें तो कंपनी के शेयर का भाव एनएसई में 12.27 प्रतिशत बढ़ गया है। चेन्नई कॉरपोरेशन लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स के लिए पिछला 6 महीना भी शानदार रहा है। इस दौरान प्रति शेयर निवेशकों को 213.46 प्रतिशत का रिटर्न मिला है। वहीं, इस साल जब यूक्रेन और रूस युद्ध की वजह से ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही थी। तब भी चेन्नई कॉरपोरशन लिमिटेड के निवेशकों को 204 प्रतिशत का रिटर्न मिला था।




