कार खराब होने से रास्ते में फँसी प्रसूता महिला को देर रात पहुँचाया अस्पताल
भोपाल : गुरूवार, मार्च 12, 2026,
इंदौर जिले के थाना किशनगंज क्षेत्र में कार खराब होने के कारण रास्ते में फँसी प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला को डायल-112 जवानों ने तत्परता दिखाते हुए समय पर अस्पताल पहुँचाकर उपचार उपलब्ध कराया। देर रात की इस आपात स्थिति में डायल-112 टीम की संवेदनशील और त्वरित कार्यवाही से महिला को शीघ्र उपचार मिल सका।
12 मार्च को थाना किशनगंज क्षेत्र अंतर्गत महू रोड स्थित उमरिया टोल प्लाजा के पास रात्रि गश्त कर रही डायल-112 एफआरव्ही टीम को एक प्रसूता महिला असहनीय प्रसव पीड़ा में मिली। महिला के परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में उनकी कार खराब हो जाने के कारण वे आगे नहीं जा पा रहे थे। इस संबंध में सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को भी दी गई।
मौके पर मौजूद आरक्षक गजराज कटारे एवं पायलट वीरेंद्र कटारे ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। डायल-112 जवानों ने प्रसव पीड़ा से पीड़ित महिला को परिजनों के साथ एफआरव्ही वाहन में बैठाकर शीघ्रता से चोइथराम अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसे प्रसूता वार्ड में भर्ती कर उपचार प्रारंभ कराया गया।
डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस विशेष रूप से महिला सुरक्षा और आपात परिस्थितियों में आमजन की सहायता के लिए सदैव सजग और प्रतिबद्ध है।




