एमपीआरडीसी के अधिकारियों के प्रति जताई नाराजगी
शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के दिये निर्देश
भोपाल : शुक्रवार, मई 1, 2026,
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने बरखेड़ानाथू स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्यों की गुणवत्ता अपेक्षित स्तर पर नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एमपीआरडीसी के अधिकारियों को नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि खेल परिसर के सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से शीघ्र पूर्ण किए जाएं। मंत्री श्री सारंग ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कार्यों में लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी।
हैण्डओवर प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही करें सुनिश्चित
मंत्री श्री सारंग ने निर्देशित किया कि कॉम्पलेक्स के हैण्डओवर और टेकओवर की प्रक्रिया का पूर्ण वेरिफिकेशन किया जाए। बिना तकनीकी सत्यापन के किसी भी संरचना का हैंडओवर नहीं लिया जाए। साथ ही, सभी मरम्मत योग्य कार्यों का विस्तृत फ्लो-चार्ट बनाकर चरणबद्ध मरम्मत योजना तैयार की जाए, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और गति बनी रहे।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ हो समग्र विकास
मंत्री श्री सारंग ने निर्देश दिए कि परिसर में पानी, बिजली, स्वच्छता, पार्किंग, आईटी, सर्वर रूम सहित सभी आवश्यक मूलभूत एवं आधुनिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कॉम्पलेक्स के सुचारु संचालन के लिए प्रशासनिक भवन, सर्वर रूम, आईटी रूम और आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण के लिये ठोस कार्य-योजना तैयार की जाए।
थर्ड पार्टी ऑडिट से गुणवत्ता की होगी निष्पक्ष जांच
मंत्री श्री सारंग ने खेल परिसर की सुविधाओं और निर्माण कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के निर्देश दिए, जिससे गुणवत्ता और मानकों की निष्पक्ष समीक्षा सुनिश्चित हो सके और परियोजना की विश्वसनीयता और मजबूती बनी रहे।
ग्रीन एनर्जी : सोलर उपयोग को मिले प्राथमिकता
मंत्री श्री सारंग ने स्पष्ट किया कि परिसर में बिजली की आवश्यकता के लिए सोलर एनर्जी के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही, प्रदेश के सभी खेल परिसरों में सोलर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए, जिससे ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिले।
अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हो निर्माण
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि पूरे खेल परिसर का निर्माण अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं के मापदंडों के आधार पर किया जाए, जिससे खिलाड़ी विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ उठा सकें और मध्यप्रदेश देश-दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना सके।
साइनेज, कैफेटेरिया और अन्य सुविधाओं में तेजी लाएं
मंत्री श्री सारंग ने निर्देश दिए कि पूरे परिसर में साइनेज की स्पष्ट एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए समर्पित प्रोजेक्ट प्लान तैयार कर इसे शीघ्र लागू किया जाए। खिलाड़ियों एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए परिसर के अंदर उपयुक्त स्थान पर कैफेटेरिया का निर्माण किया जाए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, हॉर्टिकल्चर कार्य, अतिरिक्त प्रवेश द्वार और बाउंड्री वॉल के समानांतर सड़क निर्माण सहित अन्य सभी कार्यों के लिए अलग-अलग प्रोजेक्ट प्लानिंग रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान
बैठक में जानकारी दी गई कि परिसर के सभी ब्लॉकों में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए समुचित पार्किंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। अग्नि सुरक्षा के मानकों के अनुरूप फायर सेफ्टी उपकरणों की स्थापना की जा रही है तथा अतिरिक्त प्रवेश द्वार के निर्माण से आमजन, फायर ब्रिगेड और पार्किंग क्षेत्रों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री श्री सारंग ने यह भी निर्देश दिए कि निर्माण एजेंसी द्वारा किसी भी संबद्ध एजेंसी को भुगतान से पहले खेल विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) लेना अनिवार्य होगा तथा सभी आवश्यक उपकरणों की खरीदी से पूर्व विभागीय अनुमोदन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में खेल एवं युवा कल्याण संचालक श्री अंशुमान यादव, संयुक्त संचालक श्री बी.एस. यादव, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




