Friday, May 1, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेश24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का 2 मई से शुभारंभ

24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप का 2 मई से शुभारंभ

म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी में होगा राष्ट्रीय स्तर का आयोजन

खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश के अंतर्गत संचालित म.प्र. राज्य शूटिंग अकादमी, भोपाल में “24वीं कुमार सुरेन्द्र सिंह मेमोरियल शूटिंग चैंपियनशिप (राइफल)” का आयोजन 2 मई से 15 मई 2026 तक किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के तत्वावधान में आयोजित हो रही है, जिसमें देशभर से बड़ी संख्या में खिलाड़ी सहभागिता कर रहे हैं।

देशभर से 3000 से अधिक खिलाड़ी लेंगे भाग

इस प्रतियोगिता में 42 राज्यों, सेना एवं अर्धसैनिक बलों के लगभग 3000 बालक-बालिकाएं, महिला एवं पुरुष खिलाड़ी 10 मीटर एयर राइफल एवं 50 मीटर राइफल स्पर्धाओं के यूथ, जूनियर एवं सीनियर वर्गों में भाग ले रहे हैं। यह आयोजन भारतीय शूटिंग खेल की समृद्ध परंपरा, अनुशासन एवं उत्कृष्टता का प्रतीक है।

ओलंपियन एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की रहेगी सहभागिता

प्रतियोगिता में देश के ख्यातिप्राप्त ओलंपियन एवं अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी जैसे स्वप्निल कुशाले, ऐश्वर्य प्रताप सिंह, अंजुम मुद्गिल, स्मृति कौर, इला वेनिल सहित कई प्रतिष्ठित निशानेबाज अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक एवं आकर्षक बनेगा।

मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी के खिलाड़ी भी दिखाएंगे दमखम

मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के लगभग 40 खिलाड़ी भी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। इनमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता ऐश्वर्य प्रताप सिंह विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जिन्होंने हाल ही में विश्व स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अर्जित किया है।

शूटिंग खेल में मानसिक संतुलन एवं एकाग्रता का विशेष महत्व

शूटिंग एक ऐसा खेल है, जिसमें शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक संतुलन, एकाग्रता एवं आत्म-नियंत्रण की अत्यधिक आवश्यकता होती है। प्रत्येक शॉट खिलाड़ी के धैर्य, अभ्यास और आत्मविश्वास की परीक्षा लेता है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य एवं देश का गौरव बढ़ाएंगे।

मध्यप्रदेश सरकार खेलों के विकास के लिये प्रतिबद्ध

मध्यप्रदेश शासन द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक शूटिंग रेंज, वित्तीय सहायता एवं प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। राज्य का लक्ष्य है कि खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि ओलंपिक एवं विश्व स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।

उद्घाटन समारोह में खेल मंत्री श्री सारंग एवं विशिष्ट अतिथि रहेंगे उपस्थित

02 मई को आयोजित उद्घाटन समारोह में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग सहित विभिन्न विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में प्रतियोगिता का शुभारंभ किया जाएगा।

शूटिंग खेल के विकास में म.प्र. का महत्वपूर्ण योगदान

मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी की स्थापना वर्ष 2007 में की गई थी, जिसके खिलाड़ियों ने अब तक राष्ट्रीय स्तर पर 1000 से अधिक तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 170 से अधिक पदक अर्जित कर प्रदेश एवं देश का नाम रोशन किया है। अकादमी के खिलाड़ियों ने ओलंपिक, एशियन गेम्स एवं अन्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।

युवाओं को मिलेगा अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर

यह प्रतियोगिता उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सशक्त मंच प्रदान करेगी। साथ ही, यह आयोजन प्रदेश में शूटिंग खेल के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular