भोपाल(प्रतीक पवार)–
भोपाल में पदस्थ जनसंपर्क अधिकारी पूजा थापक सुसाइड मामले में पुलिस आरोपी पति और सास की तलाश में जुटी है। पूजा थापक ने 9 जुलाई को फांसी लगाकर सुसाइड लिया था। 16 जुलाई को दहेज मृत्यु और प्रताड़ित करने की धाराओं में पति और सास के खिलाफ केस दर्ज किया गया। डीसीपी श्रद्धा तिवारी ने बताया कि आरोपी मां-बेटे की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। दो टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं, दोनों के मोबाइल फोन बंद हैं। उनकी लास्ट मोबाइल लोकेशन भोपाल के साकेत नगर में ही ट्रेस की गई थी। पासपोर्ट कार्यालय में उनके फरार का ईमेल भेज दिया है। जिससे उन्हें विदेश जाने का वीजा नहीं मिल सकेगा। दो साल पहले हुई थी शादी पुलिस के मुताबिक ग्वालियर निवासी पूजा थापक जनसंपर्क संचालनालय में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ थीं। वर्तमान में वह पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रह्लाद पटेल की जनसंपर्क अधिकारी के तौर पर कार्यरत थीं। साल 2022 में उनकी शादी साकेत नगर में रहने वाले निखिल दुबे से हुई थी। निखिल अरेरा हिल्स स्थित सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग में सहायक संचालक हैं। उनका एक साल का एक बेटा है। मंगलवार 9 जुलाई की सुबह घर में पति व सास से अनबन के बाद अपने बेडरूम में फांसी लगा ली थी। काफी देर बाद भी जब बेडरूम का दरवाजा नहीं खुला तो पति ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा था। भीतर पूजा थापक फंदे पर लटकी नजर आईं। फौरन उन्हें फंदे से उतारकर एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। दामाद को कॉल कर कहा था- बेटी को बचा लो पति और सास से विवाद के बाद पूजा ने खुद को बेडरूम में बंद कर लिया था। वहीं से उन्होंने अपनी मां को मोबाइल पर फोन पर बात करते हुए कहा कि मां फिर से लड़ाई-झगड़े होने लगे हैं। अब मुझसे बर्दाश्त नहीं होता। मैं मर रही हूं। फोन कट होते ही पूजा की मां घबरा गईं, और उन्होंने दामाद निखिल दुबे को घटना की जानकारी दी। निखिल बेडरूम पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद था। प्लाट की मांग करता था आरोपी पति मृतका के परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि शादी के समय पूजा थापक के परिवार ने 40-45 लाख रुपए खर्च किए थे। पति व सास की मांग पर इंदौर में एक फ्लैट भी दिलाया था। पति ने साले से नगद साढ़े सात लाख रुपए भी ले लिए थे। इसके बाद भी पति व सास भोपाल में एक बड़ा और महंगा प्लाट दिलाने की मांग कर रहे थे। विवाद बढ़ने पर एक बार पति-पत्नी की काउंसिलिंग भी कराई जा चुकी थी।




