दिल्ली विकास प्राधिकरण की ओर से निम्न आर्य वर्ग के लिए जल्द ही 1675 फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा। जेलर वाला बाग इलाके में जहां झुग्गी वहां मकान योजना के तहत इन फ्लैट का आवंटन ड्रॉ से किया जाएगा। बुधवार को हुई डीडीए बोर्ड की बैठक में इस योजना के आवंटन को मंजूरी मिल गई है।
जेलर वाला बाग, अशोक विहार में इन फ्लैट की कीमत 1 लाख 71 हजार रुपये तय की गई है। जिसके साथ 30 हजार रुपये पांच वर्ष के रखरखाव शुल्क के रूप में देने होंगे। ईडब्लूएस परिवारों को ये सभी फ्लैट ड्रॉ के माध्यम से आवंटित किए जाएंगे। जेलरवाला बाग के पात्र परिवारों के पुनर्वास के बाद लगभग 11,129 वर्ग मीटर की खाली पड़ी भूमि की नीलामी की जाएगी।
दस जेजे क्लस्टर में बनाए जाएंगे फ्लैट
डीडीए के अनुसार कालकाजी एक्सटेंशन में 3024 फ्लैट, जेलरवाला बाग में 1675 फ्लैट, कठपुतली कॉलोनी के लिए 2800 फ्लैट हैं। इनके अलावा दिलशाद गार्डन, शालीमार बाग, हैदरपुर और रोहिणी के अलग-अलग सेक्टर्स की 10 झुग्गियों में काम जल्दी ही शुरू हो जाएगा। जानकारी के अनुसार इसके तहत 10,337 ईडब्ल्यूएस फ्लैट्स बनाए जाएंगे। वहीं 15,086 ईडब्लूएस फ्लैट के लिए कालकाजी एक्सटेंशन, कुसुमपुर पहाड़ी और ओखला इंडस्ट्रियल एरिया में आठ स्लम्स के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की जा रही है।




