उपनगर ग्वालियर की विभिन्न बस्तियों में मूर्तरूप लेंगे विकास कार्य
भोपाल : गुरूवार, मई 7, 2026,
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उपनगर ग्वालियर के वार्ड-5 की विभिन्न बस्तियों में विकास को नई गति देने के लिए लगभग 2 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। भूमि-पूजन के अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि ग्वालियर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में विकास की श्रृंखला निरंतर जारी है और हमारा लक्ष्य हर वार्ड को बुनियादी सुविधाओं से संपन्न करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों को भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि आज जिन विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया गया है, उनके कार्य पूर्ण होने पर क्षेत्र के नागरिकों को सड़क, सीवर, विद्युत आदि की समस्याओं से निजात मिलेगी। साथ ही कहा कि आमजन की सुविधा को देखते हुए शीघ्र ही इस क्षेत्र में संजीवनी क्लीनिक का शुभारंभ होने जा रहा है। संजीवनी क्लीनिक शुरू होने पर स्थानीय निवासियों को घर के नजदीक ही छोटी-छोटी बीमारियों के निशुल्क इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
“आपका सेवक आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत क्षेत्रवासियों से मिले
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने आपका सेवक आपके द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत श्रीराम कॉलोनी एवं मोतीझील क्षेत्र में भ्रमण कर क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने नागरिकों से सड़क, सीवर, जलापूर्ति, बिजली एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की तथा उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिये निर्देशित किया।
भूमि-पूजन के अवसर पर सर्वश्री चिंटू परमार, श्री प्रयाग तोमर, श्री जगत कौरव, श्री शैली शर्मा, श्री सतेन्द्र, श्री रघुवीर राय, श्री मुकुट जादौन, श्री बच्चन किरार, शैलू चौहान सहित बडी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इन विकास कार्यों का किया भूमि-पूजन
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने उप नगर ग्वालियर के वार्ड 5 में 2 करोड़ 43 लाख रुपए से अधिक लागत से निर्मित होने जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन किया। जिसमें वार्ड क्रमांक 05 बदनापुरा में 28.29 लाख की लागत से निर्मित होने वाले सामुदायिक भवन, श्री धर्मेन्द्र सिंह गुर्जर के मकान के सामने 3.40 लाख की लागत से निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड निर्माण कार्य, गोलम्बर माता मंदिर स्टोन पार्क मोतीझील में 7.30 लाख की लागत से गणेश कॉलोनी माता मंदिर के पास बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य, यादव कॉलोनी एवं शिवशक्ति नगर की 22.79 लाख की लागत से निर्मित होने वाली विभिन्न गलियों की सीमेंट कांक्रीट रोड तथा 88.02 लाख की लागत से यादव कॉलोनी गली नंबर 9 से रेल्वे क्रोसिंग एवं पीएचई कॉलोनी होते हुए निर्मित होने वाले नाला, गोकुल विलास कॉलोनी, जलालपुर में 10.70 लाख की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण कार्य तथा 20.99 लाख की लागत से सीमेंट कांक्रीट रोड निर्माण कार्य, 12.66 लाख की लागत से आनंद नगर आरआर हॉस्पिटल सी ब्लॉक से माता पार्क तक बनने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड कार्य तथा श्री सबले के मकान से सी-188 श्री गुर्जर के मकान तक निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड, दाने बाबा वाली गली में 15.47 लाख की लागत से निर्मित होने वाली सीमेंट कांक्रीट रोड निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया।




