Wednesday, October 15, 2025
spot_img
Homeदुनियाबाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे पाक पीएम, लोगों ने चक्काजाम किया तो...

बाढ़ पीड़ितों से मिलने पहुंचे पाक पीएम, लोगों ने चक्काजाम किया तो 100 पर केस दर्ज

पाकिस्तान के कई प्रांतों में बाढ़ ने जमकर कहर मचाया हुआ है। हालत यह है कि लोग खाने के लिए तरस रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक एक दशक से भी ज्यादा समय बाद बाढ़ की ऐसी स्थिति पैदा हुई है जिससे तीन करोड़ तीस लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। इसी बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ को बाढ़ पीड़ितों की नाराजगी का सामना करना पड़ा। यह सब तब हुआ जब पीएम अपने कुछ मंत्रियों के साथ सिंध के बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे।

दरअसल, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ ने विदेश मंत्री भुट्टो, सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह और अन्य मंत्रियों के साथ बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को सुक्कुर जिले का दौरा किया। इस दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों ने रुके हुए पानी के विरोध में चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की संख्या जब अधिक हो गई तो पुलिस को बल प्रयोग भी करना पड़ा।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने आरोप लगाया कि कुछ अज्ञात महिलाओं सहित दंगाइयों ने पीएम के काफिले से पहले ही रोड को जाम कर दिया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो गई। इतना ही नहीं पुलिस अधिकारियों ने यह भी बताया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को अधिकारियों के खिलाफ भड़काया गया। इसके बाद कार्रवाई की गई।

बताया गया कि करीब 100 लोगों पर आतंकवाद का मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले सिंध में पाकिस्तान सेना बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के नाम पर सिर्फ फोटो खींचकर मीडिया में डालने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान वहां लोग भड़क गए और सेना को भगा दिया। आखिरकार सेना के जवानों को वहां से निकलना पड़ा।

बता दें कि पाकिस्तान में जून के मध्य से अब तक बाढ़ से एक हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ से गांवों में पानी भर गया और फसलें बर्बाद हो गईं। सैनिकों और बचावकर्मियों ने प्रभावित क्षेत्रों से फंसे हुए लोगों को राहत शिविरों में पहुंचाया और हजारों विस्थापित लोगों को भोजन मुहैया कराया।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular