मंडला एवं इंदौर में सराफा व्यापारियों से हुई चोरी का किया खुलासा
67 लाख रुपए से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं वाहन जब्त
भोपाल : शुक्रवार, मई 1, 2026,
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्यवाही की जा रही है। इसी के परिणामस्वरूप मंडला एवं इंदौर पुलिस ने सराफा व्यापारी से हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए लगभग 67 लाख रुपए से अधिक के सोने चांदी के आभूषण, नगदी एवं वाहन जब्त किए है।
मंडला
जिले के पिंडरई बाजार में सराफा व्यापारी से हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए अंतरजिला सक्रिय गैंग के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 52 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
25 अप्रैल को फरियादी पवन कुमार सोनी निवासी कन्हरगांव द्वारा चौकी पिंडरई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि वह पिंडरई बाजार में सराफा दुकान लगाने आया था, तभी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसके बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, गिरवी रजिस्टर एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपए बताई गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य संकलन एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की गई। पुलिस द्वारा सतत पूछताछ एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 3 आरोपी एवं 2 विधि विरुद्ध बालकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं घटना में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 52 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
इंदौर
इंदौर के सराफा क्षेत्र में ज्वेलर्स से हुई चांदी चोरी की घटना का पुलिस द्वारा त्वरित खुलासा कर प्रकरण में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपए से अधिक के आभूषण, एक स्कूटी एवं मोबाइल जप्त किए हैं।
मध्यप्रदेश पुलिस आमजन से अपील करती है कि बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अपने कीमती सामान की सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे अपराधों की रोकथाम में जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।




