Thursday, April 16, 2026
spot_img
Homeअंतरराष्ट्रीयअजनबियों की मदद करने में सबसे खराब देश है जापान ! भारत-पाक...

अजनबियों की मदद करने में सबसे खराब देश है जापान ! भारत-पाक कितने ‘दिलदार’?

वर्ल्ड गिविंग इंडेक्स 2023 में पहले स्थान पर इंडोनेशिया तो आखिरी स्थान पर पोलैंड का नाम है। यह लिस्ट तीन कैटेगरीज में बंटी हुई है जिसमें अजनबियों की मदद करने के मामले में जापान सबसे नीचे है। इस रिपोर्ट में जानिए हर कैटेगरी के टॉप और सबसे खराब देश कौन से हैं। इसके साथ ही जानिए भारत और हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान की परफॉरमेंस इसमें कैसी रही।

World Giving Index Rankings 2023: जापान के लोगों को यूं तो उनकी दयालुता के लिए जाना जाता है लेकिन जब अजनबियों की मदद करने की बात आती है तो तस्वीर बिल्कुल उलट हो जाती है। अजनबी लोगों की मदद करने के मामले में जापान को वर्ल्ड गिविंग इंडेक्स में आखिरी स्थान मिला है। चैरिटीज एड फाउंडेशन की ओर से जारी हुई वर्ल्ड गिविंग इंडेक्स फॉर 2023 में 142 देशों को शामिल किया गया है। ये लिस्ट 3 कैटेगरीज में बंटी हुई है जो ‘डोनेटिंग मनी टू चैरिटी’ यानी किसी चैरिटी में दान देना, ‘हेल्पिंग अ स्ट्रेंजर’ यानी किसी अजनबी की मदद करना और ‘वॉलंटियरिंग टाइम’ यानी समाजसेवा में अपना समय देना हैं।

अजनबियों की मदद करने वाली कैटेगरी में जापान 142वें यानी आखिरी पायदान पर है। जापान की 21 प्रतिशत आबादी ने पिछले एक महीने में किसी अजनबी शख्स की मदद करने की बात कही। इस लिस्ट में पहले स्थान पर मौजूद देश जमैका में यह आंकड़ा 83 प्रतिशत रहा। दूसरे स्थान पर लाइबेरिया (80 प्रतिशत) तीसरे पर लीबिया (80 प्रतिशत) चौथे पर नाइजीरिया (79 प्रतिशत), पांचवें पर कुवैत (79 प्रतिशत) और छठे स्थान पर रूस के हमलों का सामना कर रहा यूक्रेन (78 प्रतिशत) रहा। संयुक्त राज्य अमेरिका को इस कैटेगरी में 9वां स्थान (76 प्रतिशत) मिला है। जापान से ऊपर 141वें स्थान पर पोलैंड और 140वें पर कंबोडिया रहा।

दान करने की कैटेगरी में कौन कहां? 

दान करने की कैटेगरी में पहले स्थान पर म्यांमार रहा जहां के 83 प्रतिशत लोगों ने पिछले एक महीने में दान करने की बात कही। दूसरे नंबर पर इंडोनेशिया (82 प्रतिशत), तीसरे पर यूनाइटेड किंगडम (71 प्रतिशत), चौथे पर यूक्रेन (70 प्रतिशत) और पांचवें स्थान पर माल्टा (65 प्रतिशत) रहा। वहीं, आखिरी स्थान पर मोरक्को रहा जहां यह आंकड़ा केवल 2 प्रतिशत रहा। मोरक्को से पहले यमन (4 प्रतिशत), ग्रीस (6 प्रतिशत), ट्यूनीशिया (6 प्रतिशत) और अफगानिस्तान (7 प्रतिशत) रहे।

वॉलंटियर टाइम में पोलैंड सबसे पीछे

वॉलंटियर टाइम की श्रेणी की बात करें तो इसमें पहले स्थान पर लाइबेरिया (65 प्रतिशत) रहा। इस कैटेगरी में दूसरे स्थान पर इंडोनेशिया (61 प्रतिशत), तीसरे पर ताजिकिस्तान (53 प्रतिशत), चौथे पर केन्या (51 प्रतिशत) और पांचवें स्थान पर श्रीलंका (53) प्रतिशत रहा। लिस्ट के आखिरी पांच पायदान की बात करें तो सबसे नीचे 142वें स्थान पर इजिप्ट (4 प्रतिशत) और उससे पहले पोलैंड (4 प्रतिशत), बुल्गारिया ( 5 प्रतिशत), ग्रीस (6 प्रतिशत) और सर्बिया (6 प्रतिशत) का नाम शामिल रहा।

भारत और पाकिस्तान की रैंक कैसी?

लिस्ट में भारत को 44 इंडेक्स अंक के साथ ओवरऑल 43वां स्थान मिला है। अजनबियों की मदद करने का प्रतिशत यहां 60 प्रतिशत रहा। वहीं दान करने का आंकड़ा 35 प्रतिशत और वॉलंटियरिंग का आंकड़ा 37 प्रतिशत रहा। पाकिस्तान की बात करें तो पड़ोसी देश को 25 इंडेक्स अंकों के साथ ओवरऑल 140वां स्थान मिला है। यहां अजनबियों की मदद का आंकड़ा 37 प्रतिशत, दान करने का 25 प्रतिशत और वॉलंटियरिंग का 12 प्रतिशत रहा। ओवरऑल लिस्ट में पहले स्थान पर इंडोनेशिया है। जिसकी इंडेक्स 68 है। वहीं, आखिरी स्थान पर 15 इंडेक्स के साथ पोलैंड है। ओवरऑल लिस्ट में जापान 18 इंडेक्स के साथ नीचे से चौथे स्थान पर रहा।

 

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular