Thursday, April 16, 2026
spot_img
Homeराज्यअमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस नेता...

अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को अमेठी के कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के बारे में कहा कि किशोरी लाल जी अमेठी के गांव-गांव को जानते हैं। सभी को पहचानते हैं और लंबे समय से यहां का कामकाज देख रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी उन्हें जीत दिलाएंगे। हम अमेठी में सच्चाई की राजनीति के लिए आए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओ का हालचाल पूछा और उनसे जीत के लिए काम करने की अपील भी की। प्रियंका ने कहा कि भाजपा के लोग धनबल से चुनाव लड़ते हैं हम जनता के बल पर लड़कर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ये आपका चुनाव है आप लड़ेंगे, आप जिताएंगे। बता दें कि लंबे इंतजार के बाद नामांकन के आखिरी दिन तय हुआ कि किशोरी लाल शर्मा अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे।

गांधी परिवार की पुश्तैनी लोकसभा सीट अमेठी से उम्मीदवार घोषित होने पर कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि मैं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार जताता हूं कि उन्होंने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता पर भरोसा जताया।

उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता हमारे साथ है और हम जीत हासिल करेंगे। अमेठी सीट पर राहुल गांधी के चुनाव लड़ने की संभावना व्यक्त की जा रही थी लेकिन शुक्रवार सुबह सबकुछ स्पष्ट हो गया। राहुल गांधी रायबरेली सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने इस सीट पर दिनेश सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
रायबरेली सीट से सोनिया गांधी सांसद थीं। बीते दिनों कांग्रेस ने उन्हें राज्यसभा भेज दिया। जिससे रायबरेली सीट खाली हो गई। अब इस सीट पर राहुल गांधी उम्मीदवार हैं। अमेठी में के एल शर्मा के नामांकन जुलूस में प्रियंका गांधी शामिल हो सकती हैं।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular