Wednesday, April 15, 2026
spot_img
Homeराज्यभारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को लताड़ा, कहा- हर मामले में...

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को लताड़ा, कहा- हर मामले में इनका ट्रैक रिकॉर्ड खराब

 

भारत ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई। भारत ने पाकिस्तान की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि पाकिस्तान का ट्रैक रिकॉर्ड हर मामले में संदिग्ध है। संयुक्त राष्ट्र में ‘शांति की संस्कृति’ विषय पर आम सभा की बैठक हुई, जिसमें पाकिस्तान के राजदूत मुनीर अकरम ने भारत के खिलाफ बयानबाजी की और कश्मीर, सीएए और अयोध्या के राम मंदिर के मुद्दे पर भारत के खिलाफ टिप्पणियां की। इसका जवाब देते हुए संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ा।

भारत ने पाकिस्तान को पढ़ाया शिष्टाचार का पाठ
रुचिरा कंबोज ने कहा कि ‘इस सभा में हम शांति की संस्कृति की बात कर रहे हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में हमारा फोकस रचनात्मक बातचीत पर होना चाहिए। ऐसे में हमें एक प्रतिनिधिमंडल (पाकिस्तान) की टिप्पणियों को नजरअंदाज करना चाहिए क्योंकि उनमें न सिर्फ शिष्टाचार की कमी है, बल्कि उनका खुद का ट्रैक रिकॉर्ड हर मामले में संदिग्ध है। ये अपनी विनाशकारी और हानिकारक स्वभाव के चलते हमारे सामूहिक प्रयासों को भी गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।’ कंबोज ने कहा कि हम चाहेंगे कि ये प्रतिनिधिमंडल सम्मान और कूटनीति के आधारभूत सिद्धांतों का पालन करे।

भारत कई धर्मों की जन्मस्थली
भारत की स्थायी प्रतिनिधि ने कहा कि ‘आतंकवाद शांति की संस्कृति के खिलाफ है और यह धर्म की शिक्षाओं जैसे दया, सहअस्तित्व के भी खिलाफ है। हमारा देश मानता है कि ये पूरी दुनिया एक परिवार है और संयुक्त राष्ट्र सभा के सभी सदस्य देशों को भी ऐसा मानना चाहिए ताकि शांति की संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।’ कंबोज ने कहा वैश्विक चुनौतियां बढ़ रही हैं। बढ़ती असहिष्णुता, भेदभाव और धर्म आधारित हिंसा की चुनौतियों पर तुरंत ध्यान देने की जरूरत है। पवित्र स्थलों जैसे चर्च, बौद्ध स्थल, गुरुद्वारे, मस्जिद, मंदिर और यहूदी धर्मस्थलों पर हमलों की घटनाओं में तेजी आने से हम चिंतित हैं। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में आए दिन हिंदू मंदिरों और गुरुद्वारों पर हमले की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

कंबोज ने कहा कि ‘अहिंसा का मंत्र महात्मा गांधी ने दिया था और यह आज भी हमारे देश का आधार है। पाकिस्तान को आईना दिखाते हुए भारत की प्रतिनिधि ने कहा कि भारत न सिर्फ हिंदू धर्म, बौद्ध धर्म, जैन धर्म और सिख धर्म की जन्मस्थली है बल्कि यहां इस्लाम, यहूदी, ईसाई और पारसी जैसे धर्मों का भी मजबूत आधार है। जिन वर्गों और धर्मों के लोगों को शोषण का सामना करना पड़ा, उन्हें शरण देने और विविधता में एकता बनाए रखने का भारत का इतिहास रहा है।’

 

Previous article
अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी घोषित होने के बाद कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को अमेठी के कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा के बारे में कहा कि किशोरी लाल जी अमेठी के गांव-गांव को जानते हैं। सभी को पहचानते हैं और लंबे समय से यहां का कामकाज देख रहे हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि आप सभी उन्हें जीत दिलाएंगे। हम अमेठी में सच्चाई की राजनीति के लिए आए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओ का हालचाल पूछा और उनसे जीत के लिए काम करने की अपील भी की। प्रियंका ने कहा कि भाजपा के लोग धनबल से चुनाव लड़ते हैं हम जनता के बल पर लड़कर जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ये आपका चुनाव है आप लड़ेंगे, आप जिताएंगे। बता दें कि लंबे इंतजार के बाद नामांकन के आखिरी दिन तय हुआ कि किशोरी लाल शर्मा अमेठी से चुनाव लड़ेंगे और राहुल गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ेंगे।
Next article
RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular