कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में चुनाव जीतने की रणनीति बन रही है। दो दिन पहले पाटन से शुरू हुआ प्रशिक्षण अब प्रदेशभर में आयोजित किया जा रहा है। राजधानी में शनिवार को होटल ग्रैंड नीलम में आयोजित शिविर में बूथ प्रबंधन से लेकर इंटरनेट मीडिया, सरकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने से लेकर विपक्ष पर जवाबी हमला आदि पर पदाधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। रविवार से छह विधानसभाओं में एक साथ फिर बाकी विधानसभा में इस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।
राजधानी में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेशाध्यक्ष मोहन मरकाम विशेष रूप से मौजूद रहे। वहीं, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, निगम मंडल बोर्ड आयोग के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस मोर्चा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष आदि शामिल हुए। प्रशिक्षण की शुरूआत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पदाधिकारियों को संबोधित किया।विभिन्न विषयों में बूथ- चुनाव प्रबंधन पर राष्ट्रीय सचिव राजेश तिवारी, कांग्रेस के इतिहास पर मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा, राज्य सरकार की योजना पर कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, इंटरनेट मीडिया पर जयवर्धन बिस्सा, भाजपा-आरएसएस पर विनय सील व आयुष पाण्डेय ने कार्यक्रम को संबोधित किया।इस मौके पर राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष फूलोदेवी नेताम, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्षों में प्रतिमा चंद्राकर, अंबिका मरकाम, चुन्नीलाल साहू, पीआर खुंटे, प्रेमचंद जायसी, जेपी श्रीवास्तव, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री प्रशासन रवि घोष, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला आदि मौजूद थे।




