छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लेकर सियासत शुरू हो गई है। दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने बीमा योजना को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र तोमर को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने पीएम फसल बीमा योजना पोर्टल को खोलने का आग्रह किया है ताकि कृषकों को बीमा रिकार्ड में सुधार करने का समय मिल सके। कांग्रेस यह कहकर घेर रही है कि रमन सिंह को किसानों की नहीं, बल्कि अपनी राजनीतिक फसल की ज्यादा चिंता है।
सीमित अवधि के लिए पोर्टल खोलने की मांग
पूर्व मुख्यमंत्री डा. सिंह ने सीमित अवधि के लिए पोर्टल खोलने की मांग की है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि विगत वर्षों के बीमित कृषकों के बीमा रिकार्ड में सुधार करने की आवश्यकता है, जिससे कि राजनांदगांव के वंचित किसानों को केंद्र सरकार की इस जनहितकारी योजना का लाभ प्राप्त हो सके।
चुनाव को देखते हुए रमन को आई किसानों की याद : शुक्ला
प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि यह समस्या केवल राजनांदगांव या छत्तीसगढ़ की नहीं, पूरे देश की है। फसल बीमा की विसंगतियों के बारे में राज्य सरकार केंद्र सरकार का लगातार ध्यानाकर्षण करती रही है, लेकिन मोदी सरकार इस दिशा में उदासीन बनी हुई है।छत्तीसगढ़ से भाजपा के नौ सांसद हैं, किसी ने भी फसल बीमा के संबंध में किसानों की समस्या की आवाज नहीं उठाया। अब चुनाव नजदीक होने के कारण रमन सिंह को किसानों की याद आई है। उन्होंने किसानों के नाम पर घड़ियाली आंसू बहाना शुरू कर दिया है।