वनंतरा रिजॉर्ट पर बुलडोजर एक्शन क्या सही निर्णय था? इस सवाल के जवाब में पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जिला प्रशासन कह रहा है कि हमसे कोई अनुमति नहीं ली गई थी। ऐसे में अब यह जांच का विषय बन गया है कि रिजॉर्ट पर किसने कहने पर बुलडोजर चलाया गया। कहा कि इतनी भी क्या जल्दी थी कि रातोंरात ही रिजॉर्ट पर बुलडोजर एक्शन हुआ। इससे पहले भी बुलडोजर एक्शन पर कई बार सवाल उठाए गए हैं।
रावत का कहना है कि रिजॉर्ट के नियम हैं, लेकिन दुर्भाग्य से उनका पालन नहीं हो पा रहा है, जबकि प्राधिकरण और जिलों के पास फुल अथॉरिटी है। रावत का कहना है कि व्यवस्थाओं का अनुपालन जरूरी है। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र ने कहा कि अंकिता हत्याकांड बहुत दुखद है और उत्तराखंड सरकार इसपर नजर बनाए हुए है।
अंकिता हत्याकांड से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए
अंकिता हत्याकांड में धामी सरकार के आदेश के बाद गठित एसआईटी का दावा है कि बुलडोजर एक्शन से हपले से सभी जरूरी साक्ष्य जुटा लिए गए थे। एसआईटी टीम द्वारा घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया गया है। अंकिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट एम्स से प्राप्त करके परिजनों को दिखाई गई है।
घटनास्थल से सभी भौतिक साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटैज, मोबाइल सीडीआर आदि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्राप्त करके गहनता से विश्लेषण कर अध्ययन किया जा रहा है। प्रकरण के मुख्य-मुख्य गवाहों, रिजॉर्ट कार्मिकों से पूछताछ जारी है। हत्यारोपियों से महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त करने हेतु पुलिस कस्टडी रिमाण्ड प्राप्त करने की कार्यवाही की जा रही है।धामी सरकार का रिजॉर्ट और होटलों पर एक्शन
सीएम पुष्कर सिंह की सख्ती के बाद मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध तरीके से बने होटल, रिजॉर्ट और कैफे संचालकों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। एमडीडीए ने एक रिजॉर्ट और तीन कैफे सील किए। सीलिंग की कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि बिना नक्शा पास कराए या स्वीकृत नक्शे का उल्लंघन कर बने निर्माणों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जा रही है। राजपुर रोड पर मैजेस्टिक इन में बिना स्वीकृति के कॉफी शॉप का निर्माण और संचालन किया जा रहा था।
इस अनाधिकृत निर्माण को सील कर दिया गया। राजपुर रोड पर ही दिव्या अग्रवाल ने 10 गुणा 10 फीट में पांच हटों (3 पाइन कैफे) का निर्माण बिना स्वीकृति के किया है, जिनको सील कर दिया गया। द स्मोक हाउस में लगभग 14 गुणा 40 फीट क्षेत्रफल में अवैध रूप से टीन शेड का निर्माण कर व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा था, इसे भी सील कर दिया गया।
राजपुर रोड पर ही वीर जी मलाई चाप वाले के यहां 16 गुना 20 फीट क्षेत्रफल में बिना स्वीकृति के टीनशेड का निर्माण कर व्यावसायिक गतिविधियों की जा रही थीं, जिसे एमडीडीए की टीम ने सील कर दिया। एमडीडीए सचिव ने बताया कि जो अवैध निर्माण कंपाउंडिंग के दायरे में नहीं आएंगे, उनके खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। एमडीडीए उपाध्यक्ष सोनिका ने बताया कि सभी प्रकार के अवैध निर्माणों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
रिजॉर्ट -होटलों पर छापेमारी, सात होटल सील
प्रशासन की ओर से रिजॉर्ट और होटलों में नियमों के पालन को लेकर छापेमारी की गई। इस दौरान नियमों का पालन नहीं करने वाले होटल और रिजॉर्ट को नोटिस दिए गए, जबकि खटीमा में तीन, जसपुर में दो और रुद्रप्रयाग तथा काशीपुर में एक-एक होटल सील किया गया।




