Friday, May 8, 2026
spot_img
Homeराज्यलखनऊ अग्निकांड के बाद सख्ती, मॉल,अस्पताल, होटल, कोचिंग सेंटर की होगी जांच,...

लखनऊ अग्निकांड के बाद सख्ती, मॉल,अस्पताल, होटल, कोचिंग सेंटर की होगी जांच, गड़बड़ी मिली तो लगेगी सील

शहर में मानक के विपरीत बने बड़े भवनों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई विकास प्राधिकरण अधिनियम में दी गई व्यवस्था के आधार पर की जाएगी। प्रमुख सचिव आवास नितिन रमेश गोकर्ण ने बुधवार को विकास प्राधिकरण उपाध्यक्षों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान यह निर्देश दिया।

जांच अभियान शुरू करें
प्रमुख सचिव ने आवास विकास परिषद सभागार में आयोजित बैठक के दौरान विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्षों को निर्देश दिया कि शहर में बने मॉल, निजी अस्पताल, होटल और कोचिंग सेंटरों की जांच का अभियान चलाया जाए। इस दौरान यह देखा जाए कि सभी मानक के अनुरूप बने हैं या नहीं। इनमें आग से बचाव या फिर अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं या नहीं। मानक के इतर जो भी बने हों उनके भवन स्वामियों को पहले नोटिस देकर खामियों को दूर करने का निर्देश दिया जाए। इसके बाद भी इसमें सुधार नहीं होता है तो इनके खिलाफ सीलिंग और अवैध निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई की जाए।

लाखों अवैध निर्माण
प्रमुख सचिव आवास ने बैठक के दौरान प्रदेश भर के शहरों में हुए अवैध निर्माण और अवैध कालोनियों के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान बताया गया कि प्रदेश भर में छोटे-बड़े मिलाकर करीब सवा लाख से अधिक अवैध निर्माण हैं। इन निर्माणों को समय-समय पर तोड़ने का अभियान भी चलाया जाता रहा है। प्रमुख सचिव ने निर्देश दिया कि अवैध निर्माण पर सख्ती से रोक लगाई जाए। कंप्लीशन सर्टिफिकेट देते समय स्थलीय सर्वे जरूर किया जाए और यह पता लगाया जाए कि मानक के अनुरूप भवनों का निर्माण हुआ है या नहीं। अगर नहीं हुआ है तो कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी करने से पहले उसे तुड़वाया जाए।

एलडीए ने बताया सिर्फ 140 अवैध निर्माण
होटल लेवाना सुईट्स अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शासन को जो रिपोर्ट भेजी है उस पर भी सवाल निशान लगाए जा रहे हैं। एलडीए ने शहर में सिर्फ 140 अवैध निर्माण की जानकारी दी है। केवल संख्या बताई गई है, लेकिन यह नहीं बताया कि इसमें होटल, अस्पताल, मॉल और अपार्टमेंट कितने हैं। शासन ने इस पर नाराजगी जताते हुए एलडीए उपाध्यक्ष से जवाब तलब किया है। उनसे अवैध निर्माण की सूची भी मांगी गई है और यह भी पूछा गया है कि इनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है।

अवैध निर्माण के दोषियों के नहीं भेजे नाम
एलडीए ने होटल लेवाना सुईट्स मामले में दोषी अधिकारियों को बचाते हुए केवल अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा था। शासन ने इस पर आपत्ति जताते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के बारे में भी मंगलवार की शाम तीन बजे तक कार्रवाई सहित पूरी स्थिति से अवगत कराने को कहा था, लेकिन बुधवार को भी एलडीए ने इसे नहीं भेजा। आवास विभाग ने नाराजगी जताते हुए इस संबंध में एलडीए को पुन: पत्र भेजा है।

मंडलायुक्त को नहीं दी गई जानकारी
बताया जा रहा है कि एलडीए ने होटल लेवाना सुईट्स मामले में शासन को जो रिपोर्ट भेजी है उसमें मंडलायुक्त रोशन जैकब को विश्वास में नहीं लिया। इस पर मंडलायुक्त ने एलडीए उपाध्यक्ष से नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि जांच समिति में वह हैं इसलिए उन्हें जरूर इसकी जानकारी देनी चाहिए थी।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular