विगत सात दिनों में 178 गौवंश एवं अन्य पशु मुक्त कराए
भोपाल : मंगलवार, अप्रैल 21, 2026,
मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध गौवंश एवं पशु तस्करी के विरुद्ध उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। पुलिस की सक्रिय, समन्वित और तकनीकी रूप से सशक्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप विगत दिनों में 178 गौवंश एवं अन्य पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया। तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया गया है।
सतना
चित्रकूट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक से 53 भैंस/पड़वा जब्त कर 04 पशु तस्करों को गिरफ्तार किया है।
शिवपुरी
थाना कोलारस पुलिस ने एक कंटेनर वाहन को जब्त कर उसमें अवैध रूप से ले जाए जा रहे 31 गौवंश को मुक्त कराया तथा 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पन्ना
जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन की घटना में शामिल फरार 05 आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 14 नग मवेशी (भैंस एवं पड़िया) जब्त कर परिवहन में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक जब्त किया।
इसी प्रकार एक अन्य कार्रवाई में रात्रि के समय ग्रामीण क्षेत्रों के मकानों को निशाना बनाकर बकरी चोरी करने वाले आरोपियों के कब्जे से 16 नग बकरा-बकरियाँ, 14 हजार नगदी एवं घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई।
शहडोल
थाना देवलोंद पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए ट्रक सहित 36 नग मवेशी जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। वाहन सहित जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 20 लाख है।
बड़वानी
थाना सिलावद पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 06 नग पशु एवं पिकअप वाहन जब्त किया।
इसी प्रकार एक अन्य कार्यवाही में थाना नागलवाड़ी पुलिस ने 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 05 पशुओं एवं वाहन जब्त किया है।
राजगढ़
थाना कुरावर पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 03 भैंस एवं बोलेरो पिकअप वाहन सहित 5 लाख 16 हजार की संपत्ति जब्त की है।
सीहोर
थाना गोपालपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पशु चोरी के मामले का खुलासा किया तथा अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की गई 07 भैंसें जब्त की।
इसी प्रकार एक अन्य कार्यवाही में थाना दोराहा पुलिस ने चोरी गई एक भैंस, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपये है, जब्त करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
खरगोन
खरगोन पुलिस ने अवैध गौवंश तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर 04 गौवंशों को मुक्त कराया तथा तस्करी में प्रयुक्त 01 टाटा वाहन जप्त किया।
बुरहानपुर
पुलिस थाना शाहपुर ने चोरी के प्रकरण में सफलता प्राप्त करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा चोरी गई एक बैल जोड़ी, जिसकी कीमत लगभग 90 हजार है, जब्त की है।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा गौवंश एवं अन्य पशुओं की तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध सतत् कार्यवाही जारी है। यह कार्यवाही न केवल गौवंश संरक्षण बल्कि पशु क्रूरता की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।




