भोपालः पिछले 20 वर्ष से मध्य प्रदेश में स्पष्ट बहुमत पाने में असफल रही प्रदेश कांग्रेस अब क्षत्रिय, दलित और ब्राह्मण वर्ग के चेहरे आगे लाएगी। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में पराजय झेलने के बाद पार्टी प्रदेश में संगठन को दोबारा खड़ा करने की तैयारी कर रहा है। इस दृष्टि से सभी वर्ग के प्रादेशिक चेहरों की नए सिरे से तलाश चल रही है।पार्टी नेताओं का मानना है कि अब प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ और दिग्विजय सिंह जैसे नेता मुख्यधारा में नहीं हैं। ग्वालियर-चंबल अंचल में ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस छोड़ने के बाद कोई बड़ा चेहरा बचा नहीं है। ब्राह्मण वर्ग के नेता रहे सुरेश पचौरी कांग्रेस छोड़ चुके हैं।
ब्राह्मण और क्षत्रिय कांग्रेस में लुप्तप्राय
क्षत्रिय नेता और मध्य प्रदेश विधानसभा में दो बार नेता प्रतिपक्ष रहे अजय सिंह विंध्य में ही पार्टी की उपेक्षा के शिकार हैं। पार्टी केवल आदिवासी वर्ग में उमंग सिंघार और ओमकार सिंह मरकाम जैसे युवाओं को तैयार कर पाई है। ओबीसी वर्ग में भी पार्टी के पास प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी हैं। कांग्रेस की तैयारी है कि भौगोलिक आधार पर हर अंचल का प्रतिनिधित्व तैयार किया जाए। इसमें वर्गवार संतुलन बैठाया जाए।
श्यामाचरण शुक्ल से दिग्विजय सिंह तक
प्रदेश में कांग्रेस का संगठन दशकों तक श्यामाचरण शुक्ल, विद्याचरण शुक्ल, अर्जुन सिंह, दिग्विजय सिंह, कमल नाथ, जमुना देवी, माधव राव सिंधिया और ज्योतिरादित्य सिंधिया के इर्द-गिर्द घूमता रहा है लेकिन इनमें से अधिकांश नेता अब नहीं हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया और सुरेश पचौरी, कांग्रेस छोड़ भाजपा में चले गए। इससे कांग्रेस का पूरा ढांचा चरमरा गया है। जब कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व कमजोर हुआ तो प्रदेश कांग्रेस और बिखरने लगी।
नए शिरे से प्रतिनिधित्व तैयार करने की रणनीति
कमल नाथ हों या दिग्विजय सिंह, दोनों ने किसी अन्य नेता को आगे आने नहीं दिया। यही वजह है कि इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का सफाया होने के बाद पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश में सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया है।
इसी रणनीति के तहत महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण कमेटी को भोपाल भेजा गया था। पार्टी अब इसकी अंतरिम रिपोर्ट पर आगे की रणनीति बना रही है। इसके तहत ब्राह्मण, दलित और क्षत्रिय वर्ग के चेहरों को आगे लाया जाएगा।
ज्योतिरादित्य सिंधिया की भरपाई चुनौती
ग्वालियर-चंबल अंचल में ज्योतिरादित्य सिंधिया की भरपाई चुनौती है। यहां से डॉ. गोविंद सिंह कई बार विधायक रहे लेकिन वे जिले के बाहर के नेता नहीं बन पाए। रामनिवास रावत यहां ओबीसी वर्ग के बड़े नेता थे लेकिन वह भी विधायक पद से त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गए और मंत्री बन गए। अब पार्टी यहां जाटव यानी दलित, क्षत्रिय चेहरे तलाश रही है।




