मैनपुरी। हाथरस में सत्संग के दौरान हुए भगदड़ के बाद सूरजपाल उर्फ ’भोले बाबा’ पहली बार मीडिया के सामने आए।, सूरजपाल उर्फ ’भोले बाबा’ ने कहा, ‘हम 2 जुलाई की घटना के बाद बहुत ही व्यथित हैं। प्रभु हमें इस दुख की घड़ी से उभरने की शक्ति दे। सभी शासन और प्रशासन पर भरोसा बनाए रखें। हमें विश्वास है कि जो भी उपद्रवकारी हैं, उनको बख्शा नहीं जाएगा। मैंने अपने वकील ए.पी. सिंह के माध्यम से समिति के सदस्यों से अनुरोध किया है कि वे शोक संतप्त परिवारों और घायलों के साथ खड़े रहें और जीवन भर उनकी मदद करें।’
मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस ने आरोपी मुख्य सेवादार देवप्रकाश मधुकर को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। उसकी तलाशी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
इसलिए मची थी भगदड़
दो जुलाई को सिकंदराराऊ के गांव फुलरई के पास साकार विश्व हरि के सत्संग का आयोजन किया गया था। इसमें 121 लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि सत्संग के बाद सूरजपाल गाड़ी से रवाना हुए थे। इसके बाद लोगों ने जिस जगह से गाड़ी निकली वहां की धूल इकट्ठा करना शुरू कर दी। इसके लिए श्रद्धालु नीचे झुके, जिससे वे दबने लगे। सेवादारों ने इस दौरान भीड़ को जबरन रोक दिया, ऐसे में भीड़ का दबाव बना और भगदड़ मच गई।




