ग्वालियर। केन्द्रीय नागर विमानन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दूरस्थ गांव व कस्बों से भी खेल प्रतिभाएं उभरकर सामने आएं और वे विश्व पटल पर भारत का परचम लहराएं। इसी उद्देश्य से जिला स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप ग्वालियर सहित संभाग के अन्य जिलों में इसी प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। सरकार खेल प्रतिभाओं को उभारने के लिए कटिबद्ध है। यह बात केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने शनिवार को फूलबाग मैदान पर जिला स्तरीय सांसद (राज्यसभा) खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सभी लोग मिलजुलकर अगले साल से यह प्रतियोगिता वार्षिक उत्सव की तर्ज पर आयोजित करें, जो सात दिन तक चले।जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता के उदघाटन समारोह में जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के 1478 खिलाड़ियों ने सहभागिता की। उद्घाटन समारोह के आरंभ में स्कूली बच्चों ने लाठीबाजी व तलवारबाजी का रोमांचक प्रदर्शन किया। भुवन स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने बैंड की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मोहन सिंह राठौर, लघु उद्योग विकास निगम की अध्यक्ष इमरती देवी, बीज व फार्म विकास निगम के अध्यक्ष मुन्नालाल गोयल, संत कृपाल सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल व रामबरन सिंह गुर्जर, चैंपर आफ कामर्स के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल व नगर निगम परिषद में नेता प्रतिपक्ष हरिपाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मंचासीन थे। कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश चंदेल, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, अपर कलेक्टर टीएन सिंह व जिला खेल अधिकारी जोसेफ बक्सला सहित प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े अन्य जनप्रतिनिधिगण व अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान ऊर्जा मंत्री तोमर ने ग्वालियर में जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता आयोजित कराने के लिये केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने ग्वालियर को विकास की बड़ी-बड़ी सौगातें दिलाई हैं, जिससे ग्वालियर की तस्वीर बदल रही है। इसी कड़ी में उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मौका देने के लिये जिला स्तरीय खेल महोत्सव आयोजित कराया है।
विधायक मोहन सिंह राठौर ने कहा कि ग्वालियर जिला विकास की नई उड़ान भर रहा है। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया की पहल पर ग्वालियर में तमाम विकास कार्य मूर्त रूप ले रहे हैं, उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिये भी विशेष पहल की है। फूलबाग मैदान पर 3 फरवरी से शुरू हुई जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता 6 फरवरी तक चलेगी। प्रतियोगिता में आठ खेल विधाएं खो-खो, रस्साकसी, कबड्डी, वालीबाल, सितौलिया, पावर लिफ्टिंग, लम्बी कूद व गोला फेंक शामिल हैं। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कुश्ती को भी प्रतियोगिता में शामिल करने के निर्देश आयोजन समिति को दिए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ियों का किया सम्मान
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व अन्य अतिथियों ने राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ग्वालियर का नाम रोशन कर रहे खिलाड़ियों का इस अवसर पर सम्मान किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी कु. करिश्मा यादव व अंतरराष्ट्रीय स्तर के बाक्सर रिषभ सिकरवार को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
रस्सा-कसी से हुआ प्रतियोगिता का आगाज
जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता का आगाज बालिकाओं की रस्सा-कसी प्रतियोगिता के साथ हुआ। इस विधा के प्रारंभिक मैच में एलएनआइपीई की टीम ने हाकी अकादमी की टीम को पराजित किया।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने खेली सितौलिया
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता के विभिन्न खेल स्पर्धाओं में भाग ले रहे खिलाड़ियों से मुलाकात की और सभी को प्रोत्साहित किया। साथ ही पारंपरिक खेल सितौलिया में अपने हाथ आजमाए। उन्होंने लोगों के साथ बैठकर कबड्डी, खो-खो व सितौलिया के प्रारंभिक मैचों का आनंद भी लिया।




