भोपाल । पैसेंजर ग्रोथ के हिसाब से एयरलाइंस कंपनियों के लिए अगस्त का महीना अच्छा नहीं माना जाता, लेकिन इस बार रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में यात्रियों ने विमान से सफर किया। इसका असर अगस्त माह की यात्री संख्या पर नजर आया है। जुलाई के मुकाबले अगस्त माह में यात्री संख्या बढ़ी है। भोपाल एयरपोर्ट ने एक लाख से अधिक मासिक यात्री संख्या वाले एयरपोर्ट की सूची में अपना नाम बरकरार रखा है।
मानसून में विमान से सफर करने वालों की संख्या कम हो जाती है। आमतौर पर इसी सीजन में कंपनियों कम किराये के आफर जारी कर यात्रियों को आकर्षित करती हैं इसके बावजूद कंपनियों को सामान्य से कम ही बुकिंग मिलती है लेकिन इस बार अगस्त में वर्षा बहुत कम हुई। मौसम विभाग की मौसम साफ रहने की भविष्यवाणी और विभिन्न शहरों के होटल और रिसार्ट के लुभावने पैकेज ने यात्रियों को आकर्षित किया। नतीजा जुलाई के मुकाबले अगस्त माह में यात्रियों की संख्या बढ़ गई। यही नहीं विमानों के फेरे भी बढ़ गए हैं।
गोवा, जयपुर उड़ान से भी मिली मदद
इंडिगो ने हाल ही में गोवा तक सीधी उड़ान शुरू की है। राजधानी से गोवा तक पहली बार उड़ान प्रारंभ हुई है। इसके लिए लोग वाया इंदौर या मुंबई जाते थे। इस उड़ान को 80 प्रतिशत तक पैसेंजर लोड मिल रहा है। इसका असर आंकड़ों पर नजर आ रहा है। जयपुर उड़ान पहले सप्ताह में चार दिन संचालित होती थी। अब इसे प्रतिदिन चलाया जा रहा है। इसी तरह इंटरनेशनल रूट के लिए वाया दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसका असर अगस्त माह के आंकड़ों पर नजर आ रहा है।
नई उड़ानें शुरू होने का मार्ग प्रशस्त
एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी का कहना है किभोपाल से कई शहरों तक सीधी कनेक्टिविटी के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या एयरपोर्ट अथारिटी एवं एयरलाइंस कंपनियों के लिए अच्छी खबर है, इससे नई उड़ानें प्रारंभ होने का मार्ग प्रशस्त होगा। एयरपोर्ट डायरेक्टर अनुसार अक्टूबर माह में शुरू हो रहे विंटर शेड्यूल में नई उड़ानें शुरू होने की संभावना है।
भोपाल से विगत चार माह के दौरान यात्रियों की संख्या, विमानों के फेरे
| माह |
यात्री संख्या |
विमानों के फेरे |
| मई |
1,14,322 |
872 |
| जून |
1,17,073 |
886 |
| जुलाई |
1,09,211 |
1082 |
| अगस्त |
1,12,814 |
1121 |