नगरपालिका में खाली पड़े पदों के कारण पूरे शहर की सफाई, फायर सेफ्टी और राजस्व वसूली बेहतर ढंग से नहीं हाे पा रही है। एक तरफ शहर को स्वच्छता रैंकिंग, राजस्व वसूली में टॉप पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अमला ही नहीं रहेगा तो शीर्ष स्थान कैसे पाया जा सकता है।वर्तमान में नगरपालिका में वैसे तो कागजों पर 256 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से 124 पद खाली हैं। शहर की सफाई, फायर सेफ्टी और राजस्व वसूली व्यवस्था की रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले इन पदों के खाली होने से व्यवस्थाएं बेहतर नहीं हो पा रही हैं।शहर का विस्तार होता जा रहा है, शहर की जनसंख्या के साथ मकानों की संख्या भी बढ़ रही है, शहर का भौगोलिक विस्तार हो रहा है, लेकिन कर्मचारी बढ़ने की जगह कम होते जा रहे हैं।सबसे ज्यादा स्टाफ की कमी स्वच्छता शाखा में है। स्वच्छता पर्यवेक्षक के 8 पद स्वीकृत हैं लेकिन ये सभी खाली पड़े हैं। इसी तरह सफाई संरक्षक के 29 पद खाली हैं। जबकि इन पदाधिकारियों पर ही वार्डों की जमीनी स्तर सफाई की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी होती है। कम कर्मचारी पूरे शहर की मॉनिटरिंग नहीं हो पा रही है।
प्रशिक्षित फायरमैन की जगह अप्रशिक्षित कर्मियों से करवा रहे काम
उद्यान पर्यवेक्षक के सभी 5 स्वीकृत पद खाली हैं। ऐसे में शहर के पार्क किस तरह से सुंदर और अच्छे होंगे यह सोचा जा सकता है। इसी तरह स्वच्छता पर्यवेक्षक के 8 पद हैं जो सभी खाली पड़े हैं। स्वच्छता संरक्षक के 29 पद खाली हैं।जब शहर के कोने-कोने को स्वच्छ रखकर रैंकिंग में टॉप आना हो तो इस तरह स्वच्छता व्यवस्था की मॉनिटरिंग करने वाले पदों पर नियुक्ति नहीं होना सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाता है। अग्निशमन अधिकारी की जिम्मेदारी नपा में सेनेटरी इंस्पेक्टर को प्रभार के रूप में देकर रखी है। जबकि फायर सेफ्टी का प्रदेश लेवल पर अलग से विभाग बन चुका है। आग बुझाने वाले प्रशिक्षित फायरमैन की जगह अप्रशिक्षित कर्मचारियों को रखकर काम करवाया जा रहा है।
राजस्व अधिकारी के पद 26 साल से खाली
नगरपालिका परिषद बैतूल में 256 पद स्वीकृत हैं। इसमें अधिकारी, तकनीकि, क्लेरिकल समेत अन्य स्टाफ शामिल हैं। इनमें से हर शाखा में पद खाली हैं। 124 पद खाली हैं। राजस्व अधिकारी के पद पर तो 26 साल से कोई ज्वाइनिंग नहीं हुई। 1995 में राजस्व अधिकारी पद पर जरूर नियुक्ति हुई थी। 1997 तक इस पद पर अधिकारी नियुक्त रहे, इसके बाद से यह पद खाली है।
नियुक्तियां प्रदेश स्तर से होंगी, हमने पत्र लिखे थे
नियुक्तियों की शक्तियां स्थानीय स्तर पर हमें प्राप्त नहीं है। इसके लिए प्रदेश स्तर पर ही नियुक्तियां की जाती हैं। हमारी ओर से पूर्व में खाली पदों पर नियुक्तियां करने के लिए पत्र लिखे गए थे। जल्द ही हम नियुक्तियों की स्थिति को देखकर सभी पदों पर नियुक्तियां करने की मांग उठाएंगे।
– अक्षत बुंदेला, सीएमओ, नगर पालिका




