राज्यमंत्री श्रीमती बागरी ने नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री से भेंट कर जताया आभार
भोपाल : बुधवार, मई 13, 2026,
नगरीय प्रशासन एवं आवास राज्य मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी ने नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला से मुलाकात कर सतना जिले को 50 मेगावाट सौर ऊर्जा एवं ऊर्जा भंडारण परियोजना की स्वीकृति मिलने पर आभार व्यक्त किया।
यह परियोजना राज्य सरकार के व्यापक ऊर्जा लक्ष्य का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत 300 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना (4 घंटे ऊर्जा भंडारण सहित), 300 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना (6 घंटे ऊर्जा भंडारण सहित) तथा 200 मेगावाट 24 घंटे उपलब्धता वाली सौर ऊर्जा परियोजना शामिल हैं।
यह परियोजना सतना के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे, उद्योगों एवं निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास एवं आधारभूत सुविधाओं में सुधार आएगा। ऊर्जा भंडारण तकनीक के माध्यम से अधिक स्थिर एवं प्रभावी बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी, जिससे ऊर्जा क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलने से कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी तथा हरित एवं सतत विकास को गति मिलेगी। यह परियोजना सतना को देश के उभरते हुए ग्रीन एनर्जी हब के रूप में नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




