भोपाल/प्रतीक पवार : मंगलवार, मई 12, 2026,
मध्यप्रदेश पुलिस को मंदसौर एवं राजगढ़ जिलों में धोखाधड़ी से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। मंदसौर एवं राजगढ़ जिलों की पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए आमजन को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोहों का पर्दाफाश कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से नगदी, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की गई है।
मंदसौर-अंधविश्वास के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा
जिले में पुलिस को ऐसी संगठित धोखाधड़ी का खुलासा करने में सफलता मिली, जिसमें आरोपी आमजन को “नोटों की बारिश” एवं “धन दुगना” करने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करते थे। आरोपी स्वयं को तथाकथित गुरु एवं तांत्रिक बताकर पूजा-पाठ, चमत्कार एवं भय का वातावरण निर्मित करते थे। गिरोह द्वारा सुनियोजित तरीके से एक व्यक्ति की मृत्यु का नाटक कर पीड़ित को डराया गया तथा अलग-अलग बहानों से 5 लाख रुपए से अधिक वसूले गए। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं पूछताछ के आधार पर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 40 हजार रूपये नगद, एक कार एवं एक मोटरसाइकिल जप्त की है।
राजगढ़-एटीएम बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
जिले में विभिन्न थाना क्षेत्रों में एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रकम निकालने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपी बैंक एटीएम में भोले-भाले लोगों को सहायता का झांसा देकर बातचीत में उलझाते थे तथा उनका एटीएम कार्ड बदलकर खातों से अवैध रूप से राशि निकाल लेते थे। पुलिस द्वारा लगभग 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी डेटा एवं अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपियों से नगद राशि एवं घटना में प्रयुक्त वाहन सहित लगभग 8 लाख 11 हजार रूपए से अधिक की संपत्ति जप्त की गई है।




