1 करोड़ 84 लाख से अधिक मकानों की गणना पूर्ण
रायसेन जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य पूर्ण
भोपाल/प्रतीक पवार: मंगलवार, मई 12, 2026,
प्रदेश में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा के अनुसार निरंतर प्रगति पर है। प्रदेश में 01 मई 2026 से प्रारंभ हुआ यह फील्ड कार्य 30 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इस अभियान में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक मकान, परिवार एवं अन्य संरचनाओं से संबंधित जानकारी डिजिटल माध्यम से संकलित की जा रही है।
सचिव, गृह विभाग एवं नोडल अधिकारी जनगणना श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने बताया कि राज्य में जनगणना कार्य के लिए 1 लाख 37 हजार से अधिक मकान सूचीकरण ब्लॉक बनाए गए हैं। इनमें प्रगणकों द्वारा व्यवस्थित रूप से जानकारी एकत्रित की जा रही है। 12 मई 2026 तक प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 1 करोड़ 84 लाख 92 हजार 860 मकानों की गणना पूर्ण की जा चुकी है। रायसेन जिले में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
प्रदेश में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित की गई थी। इसमें प्रदेशवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस अवधि में कुल 7 लाख 46 हजार 158 परिवारों द्वारा स्व-गणना की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की गई, जिससे जनगणना कार्य को गति एवं व्यापक सहयोग प्राप्त हुआ।
इस बार जनगणना की संपूर्ण प्रक्रिया को डिजिटल माध्यम से संचालित किया जा रहा है। प्रगणकों द्वारा मोबाइल एप्लिकेशन से जानकारी दर्ज की जा रही है तथा कार्य की निगरानी भी डिजिटल प्रणाली से की जा रही है। इससे कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं गति सुनिश्चित हो रही है। प्रदेश में जनगणना 2027 को सफल बनाने हेतु जिला प्रशासन, जनगणना अधिकारियों, प्रगणकों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता निरंतर सुनिश्चित की जा रही है।
राज्य शासन ने प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य में लगे प्रगणकों को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग प्रदान करें। जनगणना से प्राप्त आँकड़े शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं।




