Tuesday, May 5, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशसीटीजी एवं एनएसजी द्वारा भोपाल में संयुक्त मॉक ड्रिल

सीटीजी एवं एनएसजी द्वारा भोपाल में संयुक्त मॉक ड्रिल

आतंकी परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का किया गया आकलन

मध्यप्रदेश पुलिस के काउंटर टेररिस्ट ग्रुप (CTG) एवं नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) द्वारा भोपाल शहर में संयुक्त रूप से व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित आतंकवादी हमले की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के मध्य समन्वय को और सुदृढ़ करना रहा।

यह मॉक ड्रिल NSG द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस के लिए संचालित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजित की गई। उक्त प्रशिक्षण सत्र दिनांक 06 अप्रैल से प्रारंभ होकर 04 मई तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें आतंकवाद-रोधी रणनीतियों, आधुनिक तकनीकों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

मॉक ड्रिल के अंतर्गत भोपाल शहर के दो महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थलों राजा भोज विमानतल तथा रानी कमलापति रेलवे स्टेशन को चिन्हित किया गया।

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के मॉल परिसर में आयोजित ड्रिल के दौरान यह परिदृश्य निर्मित किया गया कि कुछ आतंकियों द्वारा मॉल पर कब्जा कर आम नागरिकों को बंधक बना लिया गया है। सूचना प्राप्त होते ही NSG एवं CTG की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन प्रारंभ किया। कमांडोज ने उच्च तकनीक वाले हथियारों एवं रणनीतिक कौशल का उपयोग करते हुए आतंकियों को निष्क्रिय किया तथा बंधकों को सुरक्षित बाहर निकालकर सफल रेस्क्यू ऑपरेशन किया।

इसी प्रकार, राजा भोज विमानतल पर भी संवेदनशील परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा परिदृश्य का अभ्यास किया गया, जिसमें हवाई अड्डे की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान एवं त्वरित प्रतिक्रिया के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण किया गया।

मॉक ड्रिल में NSG एवं CTG के कमांडोज के साथ-साथ डॉग स्क्वायड, बम डिस्पोजल स्क्वायड, स्थानीय पुलिस बल एवं प्रदेश की एंटी-टेररिज्म इकाई के अधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहे। सभी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, संचार एवं त्वरित निर्णय क्षमता का सफल प्रदर्शन इस अभ्यास के दौरान देखने को मिला।

उल्लेखनीय है कि नेशनल सिक्योरिटी गार्ड देश का प्रमुख आतंकवाद-रोधी बल है, जो किसी भी आतंकी हमले अथवा उच्च जोखिम वाली सुरक्षा परिस्थितियों में अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्रवाई करती है। इसी प्रकार मध्यप्रदेश पुलिस का CTG भी राज्य में आतंकवाद-रोधी गतिविधियों के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित इकाई है।

इस प्रकार की मॉक ड्रिल्स का उद्देश्य न केवल सुरक्षा बलों की तत्परता का आकलन करना है, बल्कि वास्तविक परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना भी है, जिससे आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान की जा सके।

इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक श्री तरुण नायक, एआईजी श्रीमती आभा टोप्पो, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दीपक नायक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं एनएसजी के अधिकारी उपस्थित थे

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular