अभियान के दौरान एक लाख 70 हजार 921 बच्चों की जांच कर किया जाएगा उचित प्रबंधन
विदिशा : बुधवार, जुलाई 16, 2025,
संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मोहिनी शर्मा ने आज विदिशा के होटल ग्रेंड अशोका में आयोजित दस्तक अभियान के प्रथम चरण सह स्टॉप डायरिया कैंपेन का निरीक्षण कर प्रशिक्षण संबंधी कार्यों को संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित कर मार्गदर्शन भी प्रदान किया है।
राज्य स्तरीय निर्देशों के अनुपालन में बाल्य मृत्यु दर कम करने के उद्देश्य से विदिशा जिले में दस्तक अभियान प्रथम चरण सह स्टॉप डायरिया कैंपेन कार्यक्रम 22 अगस्त 25 से 16 सितंबर 2025 तक स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त समन्वय से संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन हेतु जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राम हित कुमार के निर्देशन में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. डीके शर्मा के समन्वय से जिले के समस्त एएनएम एवं सीएचओ को विदिशा के होटल ग्रेंड अशोका में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
आज बुधवार को जिला स्तरीय अंतर्विभागीय कार्यशाला का आयोजन ज्वाइंट कलेक्टर श्रीमती मोहिनी शर्मा की अध्यक्षता आयोजित किया गया था। साथ ही ब्लॉक सिरोंज के सीएचओ, एएनएम को दस्तक अभियान सह स्टॉप डायरिया का प्रशिक्षण दिया जा रहा था, जिसमें संयुक्त कलेक्टर द्वारा निरीक्षण कर कार्यक्रम को गंभीरता पूर्वक लेते हुए शून्य से पांच वर्ष तक के शत प्रतिशत बच्चों की जांच, उपचार, प्रबंधन एवं गंभीर बीमार बच्चों को उचित स्वास्थ्य संस्था में रेफर करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान एक लाख 70 हजार 921 बच्चों की जांच कर बीमारी की पहचान प्रबंधन कर गंभीर होने पर रेफर किया जाएगा। सभी ब्लॉक के सीएचओ एवं एएनएम को जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनरों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है।




