हितग्राहीमूलक योजनाओं में वित्त पोषण में लापरवाही बरतने वाले बैंको से शासकीय खाता बंद किए जाएंगे
विदिशा : गुरूवार, जुलाई 10, 2025,
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता में डीएलसीसी की विशेष बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार में आयोजित की गई थी। जनसुरक्षा कैम्पेन एवं शासकीय ऋण योजनाओं की अद्यतन प्रगति का जायजा कलेक्टर द्वारा लिया गया है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सभी बैंकर्स प्रतिनिधियों को निर्देशित किया है कि हितग्राहीमूलक योजनाओं और जनसुरक्षा बीमा योजना के प्रकरणो का निराकरण समय सीमा में नहीं करने वाले बैंको से शासकीय खातो को दूसरी बैंको में शिफ्ट कराया जाएगा। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की शाखा के द्वारा उपरोक्त कार्यो में ढीला रवैया अपनाए जाने के फलस्वरूप जिन विभागो के शासकीय खाते पीएनबी शाखा विदिशा में है उन विभागो के अधिकारियो को निर्देशित किया है कि शीघ्र ही खाता एसबीआई शाखा में शिफ्ट कराने की कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि बैंकर्स द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं के वित्तीय पोषण में ढीला रवैया अपनाया जाता है तो संबंधित बैंक के जीएम को पत्र के माध्यम से अवगत कराया जाएगा और बैंक शाखा प्रबंधक के खिलाफ कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने डीएलसी की उपरोक्त विशेष बैठक में जनसुरक्षा योजना अर्थात प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना की पहुंच बढाने केे उद्धेश्य से ग्राम स्तरो पर आयोजित होने वाले शिविरो के अभियानो पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लिए तीन माह का संतृप्ति अभियान संचालित किया जा रहा है अभियान का मुख्य उद्धेश्य सभी बैंक खाताधारको की बीमा संबंधी प्रीमियम की कटौत्री कर आपदा संकट के समय परिवार के अन्य सदस्यों को बीमित राशि का लाभ दिलाया जाना है। अभियान के तहत प्रत्येक सप्ताह के दो दिन बुधवार एवं गुरूवार को विशेष शिविरो का आयोजन किया जा रहा है लीड़ बैंक आफीसर ने शिविर आयोजन के पूर्व तैयारियों, संचार रणनीति के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारियां सांझा की । उन्होंने शिविरो की व्यवस्था, निगरानी रिपोर्टिंग के साथ-साथ जिम्मेदारियांे के संबंध में अवगत कराया है। कलेक्टर श्री गुप्ता के द्वारा डीएलसीसी की इस बैठक में एसआरएलएम के स्वसहायता समूहो द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रगति जिसमें सीसीएल लक्ष्य जमा व स्वीकृत प्रस्ताव के अलावा वितरण इत्यादि की समीक्षा बैेंकवार की गई है। इस दौरान जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के माध्यम से क्रियान्वित मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष के लिए बैंकवार प्रेषित किए गए प्रकरण इसी प्रकार पीएम विश्वकर्मा योजना के प्रकरण स्वीकृत, वितरण, रिजेक्ट व लंबित प्रकरणो की पृथक-पृथक समीक्षा की गई है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने उद्यानिकी विभाग के माध्यम से क्रियान्वित प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई योजना) के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारियां सांझा की गई और उक्त योजना के तहत बायो प्रोडक्ट यूनिट लगाने पर विशेष बल दिया गया है। पशुपालन विभाग के माध्यम से क्रियान्वित डाक्टर भीमराव अम्बेडकर कामधेनू योजना, राष्ट्रीय पशु मिशन उद्यमिता विकास, आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना, पशुपालन किसान के्रेडिट कार्ड योजना, वृदांवन ग्राम योजना तथा मत्स्यपालन विभाग के माध्यम से डेयरी केसीसी, की तर्ज पर मत्स्यपालको को भी केसीसी जारी करना तथा जिला आदिवासी वित्त विकास निगम के माध्यम से क्रियान्वित भगवान बिरसा मुण्डा रोजगार योजना, टटंया मामा आर्थिक कल्याण योजना तथा जिला अन्त्वसायी सहकारी विकास समिति तथा संचालित संत रविदास स्वरोजगार योजना, डा भीमराव अम्बेडकर आर्थिक कल्याण योजना, पिछडा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण के लिए संचालित योजना तथा आकांक्षी जिले के तहत चिन्हित हितग्राहियो के उन्मुखीकरण हेतु क्रियान्वित विशेष योजनाओं की बैंकवार वित्तीय पोषण की कार्यवाही की समीक्षा की गई है। कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने जन सुरक्षा योजना के तहत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना, प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन हेतु जिला स्तरीय बीमा समिति के कार्यो की भी समीक्षा की है। बैठक में समिति के उद्धेश्य एवं कार्यो को भी सांझा किया गया है। उपरोक्त बैठक में लीड़ बैंक आफीसर श्री बीएस बघेल, नाबार्ड के जिला प्रबंधक श्रीमती जसप्रीत कौर के अलावा विभिन्न बैंको के प्रतिनिधि तथा विभागो के अधिकारी मौजूद रहे।




