विदिशा : गुरूवार, जुलाई 3, 2025,
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने लटेरी में घटित घटना को संज्ञान में लेते हुए सम्पूर्ण घटना की जांच करने हेतु मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ रामहित कुमार को निर्देशित किया था।
कलेक्टर श्री गुप्ता के द्वारा दिए गए निर्देशो के अनुपालन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार परिजनो की शिकायत पर प्रभारी बीएमओ लटेरी एवं तहसीलदार के द्वारा ओम सांई क्लिनिक को सील करने की कार्यवाही की गई है वर्तमान में स्थिति सामान्य है। गौरतलब हो कि सीएमएचओ के द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार दो जुलाई की रात में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटेरी में दो वर्षीय देव कुशवाह पिता विनोद कुशवाह को मृत अवस्था में लाया गया। परिजनो द्वारा बताया गया कि दो जुलाई को सर्दी, खांसी की शिकायत होेने पर सायंकालीन में उनके पिता ओमसांई क्लिनिक में डाक्टर साहू के पास ले गए थे जहां डाक्टर के द्वारा एलोपैथी विधि से इलाज किया गया। रात में देव कुशवाह की तबियत बिगडने पर पुनः इलाज हेतु डाॅ संतोष साहू के पास घरवाले लेकर पहुंचे। डाॅ साहू द्वारा देव कुशवाह का स्वास्थ्य परीक्षण नहीं किया गया। ततपश्चात परिजन लटेरी के अन्य चिकित्सको को दिखाने गए पर किसी के द्वारा बच्चे को नहीं देखा गया और अंत में मृत अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटेरी लाया गया जहां पर चिकित्सको द्वारा बच्चे को मृत होने की जानकारी दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ रामहित कुमार ने बताया कि देव कुशवाह का प्रातः 8.30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लटेरी में पोस्टमार्टम किया गया है बिसरा जांच हेतु रखा गया। परिजनो की शिकायत पर ओम सांई क्लिनिक को सील करने की कार्यवाही की गई है।




