विदिशा : सोमवार, जून 23, 2025,
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने सोमवार को लंबित आवेदनो के साथ-साथ वर्तमान में विभिन्न विभागो के माध्यम से क्रियान्वित विशेष अभियानो के कार्यो की गहन समीक्षा के दौरान आवश्यक दिशा निर्देश विभागो के अधिकारियों को दिए है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के तहत आवेदनो के निराकरण संबंधी जारी प्रदेश स्तरीय ग्रेडिंग रैकिंग सूची में विदिशा टाॅप टेन में शामिल होेने पर असंतोष जाहिर करते हुए जिन अधिकारियों के द्वारा आवेदनो के निराकरण मंे ढीला रवैया अपनाया गया है उनकी सूची तैयार कराने के निर्देश दिए है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन के साथ-साथ समाधान आॅन लाइन व सीएस स्तर की समीक्षा बैठको में दिए गए निर्देशो के अनुपालन में विभागीय अधिकारियों द्वारा सम्पादित किए गए कार्यो की भी समीक्षा की है। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज आवेदन के निराकरण की स्थिति एल वन स्तर पर क्लियर हो जाना चाहिए साथ ही आवेदक को भी इस बात से अवगत कराएं कि उनका आवेदन जिला स्तर, राज्य स्तर पर निराकृत होगा या बजट से संबंधित है इस कारण से बजट प्राप्ति के लिए पत्राचार किया गया है। बजट राशि मिलते ही आवेदन की समस्या को निराकृत किया जाएगा वहीं ऐसे आवेदन जो न्यायालयीन प्रक्रिया में प्रचलित है उन आवेदनो के संबंध में जिला स्तर पर समाधान नहीं होगा से भी अवगत कराएं। – आयुष्मान कार्ड – कलेक्टर श्री गुप्ता ने लंबित आवेदनो की समीक्षा बैठक के दौरान आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्यो की अद्यतन प्रगति का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि जिले के ऐसे नागरिक जिनकी आयु 70 वर्ष हो गई है उन सबके शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने है ताकि इलाज के दौरान शासन की मंशा के अनुसार उन्हें आर्थिक मदद मिल सकें। बैठक में बताया गया कि जिले में 70 प्लस के कुल 62597 आयुष्मान कार्ड बनाए जाने है जिसमें से अब तक 28492 नागरिको के कार्ड बनाकर उन्हें प्रदाय किए गए है शेष 34105 के आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु विशेष अभियान के माध्यम से कार्यो का संपादन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महा अभियान के तहत जिले के चिन्हित पीव्हीटीजी के 30901 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड जारी किए जाने है अब तक 22329 को कार्ड जारी किए जा चुके है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए कि धरती आबा योजना के तहत आयोजित किए जा रहे शिविरो में शेष वंचितो के शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पूर्ण कराई जाए। – प्रतिवेदन – कलेक्टर श्री गुप्ता ने निर्देश दिए है कि मुख्य सचिव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई बैठक में दिए गए निर्देशो की कार्यवाही विवरण आधारित प्रतिवेदन दो दिवस के भीतर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। निर्धारित बिन्दुओं की जानकारी ही प्रतिवेदन में सम्मिलित की जाए। शेष अन्य किसी भी प्रकार की जानकारी जोड़ी ना जाए। – शिविरो का फालोअप – कलेक्टर श्री गुप्ता ने बैठक में निर्देश दिए है कि जिले के विभिन्न ग्रामो में आयोजित किए जा रहे शिविरो में संबंधित सभी विभागो के अधिकारी मौजूद रहे और प्राप्त आवेदनो के निराकरण तथा विभागीय योजनाओं से हितग्राहियों को हितलाभ दिलाने का कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ समय सीमा में पूरा करें। उन्होंने शिविरो के एक माह पश्चात उसी ग्राम में फालोअप शिविर लगाए जाएं ताकि इस बात का पता चल सके कि विभागीय अधिकारियों के द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितलाभ से एक भी पात्रताधारक वंचित नहीं है। – एक पेड़ मां के नाम – कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए है कि जिले में तीस सितम्बर तक पौधरोपण कार्य एक पेड़ मां के नाम अभियान के रूप में क्रियान्वित किए जाएंगे। इसके लिए विभागवार लक्ष्य तय किए गए है। उन्होंने कहा कि हरेक शासकीय विभाग अपने-अपने कार्यालय परिसर में पौधरोपण जरूर करें और संभव हो सके तो घर के आसपास खाली भूमि पर पौधा जरूर लगाएं। अपनी माता के साथ रोपित पौधो के फोटो खींचकर पोर्टल पर अपलोड जरूर करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने लंबित आवेदनो की समीक्षा बैठक के दौरान पोषण संजीवनी अभियान, बाढ से बचाव हेतु विभागवार तय की गई कार्ययोजना तथा जिला व तहसील स्तर पर संचालित कंट्रोल रूम की भी पृथक से समीक्षा की है। उन्होंने जिले में कृषि को बढावा देने के लिए किए जा रहे प्रबंधो के अंतर्गत खाद के छिड़काव कार्य में उपयोग में लाए जाने वाले ड्रोन अधिक से अधिक फायनेंस हो के प्रबंध सुनिश्चित कराने के निर्देश आजीविका मिशन के जिला समन्वयक को दिए हैं। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक ने बताया कि विभागीय योजना के अंतर्गत ड्रोन पर 75 प्रतिशत अनुदान हितग्राहियों को देय है। – नवाचार – लंबित आवेदनो की समीक्षा बैठक में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित, उद्योग विभाग और शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में हुए नवाचारो की जानकारियां विभागीय अधिकारियों के द्वारा पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की गई। कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार कक्ष में सम्पन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर के अलावा संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर समेत विभिन्न विभागो के जिलाधिकारी मौजूद रहे वहीं खण्ड स्तरीय अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से संवाद किया गया है।




