विदिशा : बुधवार, मई 21, 2025,
निराश्रित बच्चों के लिए साथी अभियान जिले में संचालित किया जा रहा है जो 15 अगस्त तक क्रियान्वित किया जाएगा। नालसा व राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा निर्देशो में और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री जाकिर हुसैन के मार्गदर्शन में क्रियान्वित साथी अभियान के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री एनएस तोमर ने बताया कि लावारिस बच्चों को चिन्हित कर उनके आधार कार्ड बनाए जाएंगे और उन्हें शासन की योजना का लाभ दिलाकर मुख्य धारा से जोड़ा जाएगा।
साथी अभियान के तहत संपादित किए जाने वाले कार्यो के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। उक्त कमेटी में तहसीलदार, डीपीओ, सीएमएचओ, महिला एवं बाल विकास अधिकारी और अधिवक्ता कमेटी के सदस्य नियुक्त किए गए है।
साथी अभियान के लिए गठित समिति के अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव की अध्यक्षता में आज बैठक आयोजित कर अभियान के क्रियान्वयन व आयोजन की रूपरेखा तय की गई है। बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 26 मई से 26 जून तक आधार कार्ड से वंचित निराश्रित बच्चों का सर्वे एवं पहचान कार्यक्रम आयोजित कर सर्वे किया जाएगा एवं उनसे मांग भराने की जानकारी संकलित की जाएगी। साप्ताहिक आधार पर विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित की जाएगी। आवश्यकतानुसार चिन्हित क्षेत्रो में आधार रजिस्ट्रेशन केम्प आयोजित किए जाएंगे ताकि आधार कार्ड बनाने की कार्यवाही सुगमता से पूरी हो सके।




