विदिशा : शुक्रवार, अप्रैल 25, 2025,
कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने आज जिले में विभिन्न विभागों द्वारा क्रियान्वित निर्माण कार्यों तथा सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एनएचएआई, एमपीआरडीसी, पीएमजीएसवाय, आरईएस, एनएच, पीडब्ल्यूडी ब्रिज, एमपीबीडीसी, एमपी हाउसिंग बोर्ड, पोलिस हाउसिंग बोर्ड, पीडब्ल्यूडी, पीआईयू द्वारा जिले में क्रियान्वित कार्यों की समीक्षा करते हुए इन सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि आगामी बैठक में इन सभी कार्यों की प्रोग्रेस रिपोर्ट आवश्यक रूप से उपलब्ध कराएं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जो सड़क निर्माण कार्य चल रहे हैं के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिन ठेकेदारों द्वारा सड़क निर्माण के कार्य किये जा रहे हैं वहां ग्राम की जमीन की मुरम ना खोदी जाए, अन्यथा कार्यवाही होगी, फिर चाहे भले ही वह एनएचएआई का कार्य हो या एमपीआरडीसी का। ग्रामीण क्षेत्रों में गड्ढा ना खोदा जाए। इस मामले में सावधानियां बरती जाएं। आगामी समय में वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सावधानियां बरतते हुए सड़क निर्माण कार्य किए जाएं साथ ही साथ मजदूरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना सुनिश्चित करें। उन्होंने सड़कों की मेंटेनेंस और डिवाइडर की मरम्मत कार्य के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों पर साइन बोर्ड आवश्यक रूप से लगाए जाएं। विशेष कर जहां भी निर्माण कार्य चल रहे हैं। वहां ठेकेदार द्वारा अवैध रेत व गिट्टी का प्रयोग बिल्कुल भी ना हो। उन्होंने खनिज अधिकारी को भी निर्देश दिए हैं कि ठेकेदार अवैध रूप से ग्रामों में मुरम की खुदाई ना करें के लिए भी टीम तैयार कर सतत भ्रमण कर निरीक्षण करें। निर्माण कार्य प्रगति पर हों तो सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए किसी भी प्रकार की कोई जनहानि नहीं होने पाए। अन्यथा संबंधित के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी इसके लिए एजेंसी और ठेकेदार जिम्मेदार होंगे। आगामी वर्षा काल के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए दुर्घटनाएं ना हो के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी निर्माण कार्य जो शुरू होने वाले हैं उनके प्रगति कार्यों की सूची तैयार कर लें। विशेष कर उन्होंने पीएम जनमन योजना तहत क्रियान्वित निर्माणाधीन कार्यों को प्राथमिकता से करने के निर्देश विभागों का अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि यह कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर लिए जाए। बैठक में जिले में निर्माणाधीन सीएम राइज विद्यालयों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री अनिल कुमार डामोर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शशि मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी गण मौजूद रहे।




