Saturday, May 9, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशपशु आसरा गृह में उपचार के नाम पर गोधन को मिल रही...

पशु आसरा गृह में उपचार के नाम पर गोधन को मिल रही मौत, जिम्मेदार बेपरवाह

 भोपाल। शहर में गंभीर घायल गोवंश को जीवन देने के लिए जहांगीराबाद में बनाए गए पशु आसरा गृह में गोधन को उपचार के नाम पर मौत दी जा रही है। यहां पर उपचार के लिए आने वाले गोवंश तड़प-तड़प कर दम तोड़ देते हैं। ये गंभीर आरोप जीव जंतु विहार की डायरेक्टर रश्मि मनु व्यास ने शनिवार को लगाए हैं।दरअसल वह एक व्यक्ति द्वारा किए गए हमले में घायल बछड़े का उपचार कराने के लिए आसरा गृह पहुंची थीं। बछड़े की रास्ते में मौत हो चुकी थी, लेकिन आसरा गृह पहुंचीं तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आसरा में गोवंश को उपचार की जगह कैद कर रखा जा रहा था। यातनाएं दी जा रही थीं। उन्होंने बछड़े की मौत के बाद रातीबड़ थाने में आरोपित के खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई है। वहीं आसरा गृह की वास्तविकता से अब सरकार को भी अवगत कराएंगी।

रश्मि मनु व्यास ने बताया कि वह ग्राम सरवर में गोशाला का काम भी देखती हैं। वह शनिवार रात को साढ़े सात बजे अपनी कार से सरवर के पास से जा रही थीं, तभी उन्होंने देखा कि कुछ लोग एक बछड़े के हाथ-पैर बांधकर उसे नाले में फेंक रहे थे। उन्होंने उसे छुड़ाया और उनकी शिकायत रातीबड़ थाने में कराई।
वह बछड़े का उपचार कराने के लिए अपनी कार से लेकर जहांगीराबाद जेल रोड स्थित आसरा पशु गृह जा रहीं थीं, तभी रास्ते में बछड़े ने दम तोड़ दिया। जब वह पशु आसरा गृह पहुंचीं तो देखा कि जिस टीन शेड में घायल गोवंश को उपचार के लिए रखा गया था, वहां चारों तरफ गंदगी थी। गोवंश के लिए किसी तरह के कोई चारे की व्यवस्था नहीं थी। जमीन पर अधमरी हालत में बछड़े और अनेक गोवंश पड़े हुए थे। उनके ऊपर ही दूसरे गोवंश खड़े हो रहे थे।
जब उन्होंने इस संबंध में पशु आश्रय स्थल आसरा की प्रभारी डा. सुनीला सरन से बातचीत की तो उन्होंने कोई ठोस जवाब नहीं दिया और अपने वरिष्ठ अधिकारियों का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने आसरा की वर्तमान स्थिति के फोटो और वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित किए हैं। अब वह सरकार को इससे अवगत करवाएंगी।

बछड़े को फेंकने वाले पर दर्ज हुई एफआइआर

पुलिस के मुताबिक ग्राम सरवर गोशाला निवासी निखिल परमार ने शनिवार को शिकायती आवेदन देते हुए बताया कि वह शाम साढ़े सात बजे जूना खेड़ा माता धाम पुलिया के पास से जा रहा था। उसने देखा कि रामनिवास मीणा एक गाय के बछड़े को क्रूरता पूर्वक एक नाले में पटक रहा था। पूछने पर कहने लगा तुम अपना काम करो, मुझे अपना काम करने दो।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। वहीं रश्मि मनु व्यास का कहना है कि वह इस मामले में आरोपित के खिलाफ गोवंश हत्या की धारा के तहत कार्रवाई करने की शिकायत करेंगी।
RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular