Saturday, May 16, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशमुस्लिम समाज का फैसला… किसी भी आयोजन में नहीं बजाएंगे डीजे, स्वागत...

मुस्लिम समाज का फैसला… किसी भी आयोजन में नहीं बजाएंगे डीजे, स्वागत में कलेक्टर ने बजाई ताली

खरगोन। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की अध्यक्षता में रविवार को सभी धर्म प्रमुखों एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक हुई। इसमें शहर व जिले में आगामी दिनों में मोहर्रम, गुरु पूर्णिमा एवं नागपंचमी पर्व सद्भावना एवं शांतिपूर्ण रूप से मनाने का आह्वान किया। इस दौरान मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि ने बताया कि हमने डीजे पर सामाजिक प्रतिबंध लगा दिया है। किसी भी कार्यक्रम, जुलूस, शादी आदि में डीजे का उपयोग नहीं होगा। मुस्लिम समाज की इस पहल पर कलेक्टर ने तालियां बजाकर निर्णय का स्वागत किया।

धार्मिक मान्यताओं के साथ मनाएं त्योहार

 

कलेक्टर ने सभी धर्म प्रमुखों एवं जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी ने पूर्व में एक-दूसरे धर्म के त्योहार में सहभागिता कर सद्भावना व प्रेम के अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। इस माह में आने वाले त्योहारों को भी धार्मिक परंपरा एवं मान्यताओं के साथ मनाएं।

इस अवसर पर मोहर्रम के ताजियों के रास्ते पर नालियों को ढंकने एवं गड्ढे भरने की मांग पार्षद एवं समिति सदस्य रियाजुद्दीन शेख ने की। इस पर सीएमओ एमआर निगवाल को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बिजली के खंभों को पीवीसी पाइप से ढंकने एवं ताजियों के मार्ग से बिजली के तारों की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। जुलूस मार्ग में मवेशियों के कारण भगदड़ ना हो, इसके लिए मवेशियों को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मंदिरों में साफ-सफाई का ध्यान रखें

 

बैठक में कलेक्टर शर्मा ने कहा कि श्रावण माह में मंदिरों में चढ़े फूल पत्ती, बिल्पपत्र बहुत मात्रा में निकलते हैं, जो पैरों में आते हैं। ऐसी स्थिति निर्मित ना हो, इसके लिए सीएमओ को निर्देश दिए। मंदिरों में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक के अंत में सभी ने हाथ उठाकर त्योहार शांतिपूर्ण सद्भावना के साथ शांतिपूर्ण मनाने का संकल्प लिया।

बैठक में अपर कलेक्टर जेएस बघेल, एसडीएम भास्कर गाचले, एएसपी मनोहर बारिया, डिप्टी कलेक्टर सत्येंद्र बैरवा, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन सहित शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular