भोपाल। राजधानी में बिग बॉस ओटीटी में वाइल्ड कार्ड एंट्री दिलाने के नाम पर साइबर ठग ने जिला कोर्ट की एक महिला लिपिक से 40 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर दी। आरोपित ने लिंक भेजकर लिपिक के फोन का एक्सिस ले लिया और तीन बार में उनके खाते से रुपये निकाल लिए। पीड़ित द्वारा पहले इसकी शिकायत साइबर क्राइम पुलिस में की गई थी। घटना के समय पीड़िता जिला कोर्ट में काम कर रही थी तो केस डायरी एमपीनगर थाने में भेज दी। पुलिस ने जांच के बाद एफआइआर दर्ज कर ली है।एमपी नगर थाने के एसआई लवेश कुमार ने बताया कि कोलार निवासी 31 वर्षीय प्रसामा चौरसिया जिला कोर्ट में लिपिक हैं। अप्रैल 2023 में वह जिला कोर्ट में काम कर रहे थे। उसी समय उनके मोबाइल पर एक संदेश आया, जिसमें एक लिंक भी थी। उसमें बिग बास में वाइल्ड कार्ड एंट्री होने की बात लिखी थी। उसके साथ में एक फार्म था। जिस पर पूरी जानकारी अपडेट करनी थी। पीड़ित ने पूरी जानकारी अपडेट कर दी, उसमें भेज दिया था।लिंक खोलते ही पीड़ित के मोबाइल का एक्सिस साइबर ठग ले चुका था। उसने तीन बार में उनके खाते से 39,984 रुपये निकाल लिए। जब खाते से रुपये निकलने का संदेश उनके मोबाइल पर आया, तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इसकी शिकायत उन्होंने साइबर क्राइम में की थी। जहां पर जांच के बाद घटनास्थल एमपी नगर का होने के कारण उसे एमपी नगर पुलिस थाने के पास भेजा। जिस पर एफआइआर दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।




