Thursday, April 16, 2026
spot_img
Homeमध्यप्रदेशमप्र में 10 से 17 मई के बीच भीषण गर्मी का अनुमान

मप्र में 10 से 17 मई के बीच भीषण गर्मी का अनुमान

भोपाल । मध्यप्रदेश में मई के महीने में 5 से 8 दिन हीट वेव, यानी गर्म हवाएं चलेंगी। प्रदेश के पूर्वी हिस्से के अलावा ग्वालियर-चंबल में असर ज्यादा रहेगा। वहीं, 10 से 17 मई के बीच और महीने के आखिरी दिनों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह अनुमान जताया है। मई में प्रदेश में सामान्य से अधिक बारिश भी हो सकती है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से ऐसा होगा।
इससे पहले मई के पहले ही दिन प्रदेश के 9 शहरों में दिन का टेम्प्रेचर 40 डिग्री के पार रहा। सबसे गर्म खरगोन रहा। यहां पारा 42.4 डिग्री तक पहुंच गया।

दो दिन यहां चलेगी हीट वेव

4 और 5 मई को ग्वालियर, दतिया, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, खरगोन और खंडवा में हीट वेव चल सकती है। मौसम विभाग ने यह अलर्ट जारी किया है।

पहले सप्ताह में हो सकती है बूंदाबांदी

मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि मई के पहले सप्ताह में मौसम का मिला-जुला असर रहेगा। 1 से 4 मई तक तेज गर्मी पड़ेगी। फिर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो रहा है। इसका असर एक-दो दिन बाद देखने को मिल सकता है। 10 मई तक टेंप्रेचर में उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन इसके बाद भीषण गर्मी पड़ेगी।

इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी

मौसम विभाग की मानें तो ग्वालियर, छतरपुर, नरसिंहपुर, निवाड़ी, मैहर, टीकमगढ़, भिंड, दतिया, खरगोन, बड़वानी, खंडवा, मुरैना, राजगढ़, रायसेन, शाजापुर, श्योपुरकलां, शिवपुरी और विदिशा जिलों में पारा 45 डिग्री या इससे ज्यादा रहने का अनुमान है। इनमें ग्वालियर-चंबल संभाग के साथ मालवा-निमाड़ के कुछ शहरों में भी तेज गर्मी रहेगी। छतरपुर के खजुराहो और नौगांव में पारा 48 डिग्री तक पहुंच सकता है।भोपाल में पारा 44 से 45 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, जबकि इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी पारा इतना रह सकता है। बड़े शहरों में ग्वालियर में सबसे ज्यादा गर्मी पड़ेगी। यहां पारा 47 डिग्री के बीच पहुंचने का अनुमान है।

RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular