लकी ड्रॉ के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में सीईओ श्री सिंह ने की चर्चा
भोपाल(प्रतीक पवार) : गुरूवार, अप्रैल 25, 2024,
लोकसभा निर्वाचन – 2024 में मतदान प्रतिशत बढाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक मतदान केन्द्र पर लकी ड्रॉ का आयोजन किया जायेगा। लोकतंत्र के महापर्व में मतदाताओं की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह नवाचार प्रारंभ किया गया है। मतदान दिवस के दिन बी.एल.ओ. की भूमिका के सम्बन्ध में पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण में सी.ई.ओ. श्री ऋतुराज सिंह ने लकी ड्रॉ के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में उपस्थित बी.एल.ओ. को निर्देशित करते हुए उन्हें उनके दायित्व के बारे में अवगत कराया।
सहायक नोडल अधिकारी /स्वीप श्री रितेश शर्मा ने लकी ड्रॉ की विस्तृत कार्ययोजना के बारें में समझाते हुए समस्त बी.एल.ओ. को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर सबसे पहले वोट डालने वाले मतदाता को बेज देकर सम्मानित करने के लिए भी अवगत कराया।
तीन बार निकलेगा लकी ड्रॉ, प्रत्येक मतदान केन्द्र पर उपहार सुनिश्चित
मतदान केन्द्रों पर लकी ड्रॉ तीन समय पर निकाला जायेगा। पहला लकी ड्रॉ सुबह 10 बजे, दूसरा दोपहर 02 बजे एवं तीसरा लकी ड्रॉ सायं 06 बजे निकाला जायेगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर लकी ड्रॉ में चयनित विजेता को उसी समय निश्चित उपहार दिया जायेगा।
सचिवों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं का भी प्रशिक्षण
ग्रामीण क्षेत्रों में आने वाले मतदान केन्द्रों पर लकी ड्रॉ के क्रियान्यवन की जिम्मेदारी स्व-सहायता समूह की महिलाएं संभालेगी। ग्राम पंचायत सचिवों के सहयोग से मतदान दिवस के दो दिन पूर्व ही उन्हें लकी ड्रॉ से सम्बन्धित वांछित जानकारी उपलब्ध करा दी जायेगी। इस सम्बन्ध में महिलाओं को जिला पंचायत, भोपाल के सभागार में आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया।




