MP Election 2023 भोपाल। 20 सितंबर से प्रदेश में प्रारंभ होने वाली जन आक्रोश यात्रा सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। इसके लिए सात अलग-अलग स्थानों से यात्रा निकाली जाएगी। इसकी तैयारी के लिए पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों को भोपाल बुलाया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुरुवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिवों के साथ बैठक की और शुक्रवार को यात्रा प्रभारी, सह प्रभारी और जिला पदाधिकारियों के साथ यात्रा की तैयारी को लेकर अलग-अलग चर्चा करेंगे।
इन्हें बनाया प्रभारी
चुनाव अभियान के अंतर्गत कांग्रेस ने जनता के बीच अपनी बात पहुंचाने के लिए जन आक्रोश यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। इसका प्रभारी विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डा. गोविंद सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश पचौरी, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मंत्री जीतू पटवारी और कमलेश्वर पटेल को बनाया गया है।
ये सभी आवंटित जिलों में यात्रा की अगुवाई करेंगे। इसकी तैयारी के लिए प्रदेश प्रभारी ने प्रभारी सचिवों के साथ बैठक की और शुक्रवार को यात्रा प्रभारी, सह प्रभारी और जिला पदाधिकारियों को भोपाल बुलाया है।
11 वचनों का करेंगे प्रचार
संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि यात्रा के दौरान महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अनुसूचित जाति-जनजाति व अन्य पिछड़ा वर्ग के उत्पीड़न, महिला अत्याचार, सरकार की घोषणाओं की स्थिति सहित अन्य विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही कांग्रेस द्वारा सरकार बनने पर जो 11 वचन लागू करने का वादा किया है, उन्हें प्रचारित किया जाएगा।
यात्रा को सफल बनाने के लिए युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, सेवादल, मीडिया, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सहित पार्टी के अन्य संगठनों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।




