MP Election 2023 दतिया। पड़ोसी जिलों से जुड़ी दतिया की सीमाओं पर नाके स्थापित कर वहां लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए इन नाकों पर सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। जिनके माध्यम से तैनात पुलिस बल सीमाओं से होकर गुजरने वाले वाहनों आदि पर नजर रखेंगे। यह सभी तैयारियां विधानसभा चुनावों को देखते हुए की जाएंगी। इस सबको लेकर गुरुवार को संभागायुक्त दीपक सिंह एवं चंबल आईजी सुशांत सिंह ने दतिया पहुंचकर जिला अधिकारियों को हिदायतें दीं।
चुनाव को देखते हुए दतिया जिला प्रशासन पड़ोसी जिले झांसी (उप्र), शिवपुरी, ग्वालियर, भिंड आदि से जुड़ी सीमाओं पर चौकसी के साथ वहां के प्रशासनिक अधिकारियों से भी समन्वय बनाएंगा। ताकि किसी भी किसी भी स्थिति में सतर्कता बरती जा सके। इसके अलावा अपराधियों पर भी निगरानी के लिए आसपास के जिलों से मदद ली जाएगी। चुनाव में किसी तरह की शांति भंग न हो और निर्विघ्न रूप से मतदान संपन्न हो, इसे लेकर यह सभी आवश्यक तैयारियां की जा रहीं हैं।
संभागायुक्त बोले कम्युनिकेशन प्लान बनाएं
दतिया पहुंचे संभाग आयुक्त दीपक सिंह ने विधानसभा चुनाव की तैयारी की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारी कर्मचारियों को सौंपे गए दायित्वों को पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव स्वतंत्र निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का जिले में सख्ती से पालन हो यह सुनिश्चित किया जाए। जिला अपने अंतर राज्य सीमाओं से लगे हुए जिलों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करें। कम्युनिकेशन प्लान भी समय रहते तैयार कर लिया जाए।
महिला मतदाताओं पर रहेगा फोकस
संभागायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन करने के कार्य को गंभीरता से लेते हुए सतर्कता के साथ करें। मतदाता सूची में ऐसे युवा मतदाता 18 से 19 वर्ष के बीच है, उन्हें जोड़े। इसकेे साथ ही महिला मतदाताओं को भी नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। जिन क्षेत्रों में पिछले चुनाव में महिला मतदान का प्रतिशत कम रहा है, वहां खास फोकस किया जाएगा। ताकि इस बार महिला मतदाताओं का प्रतिशत बढ़ सके।
इसके लिए मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर नए युवा मतदाता तथा महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि फोटो निर्वाचक नामावली में नाम जोड़ने, काटने एवं किए गए संशोधन की जानकारी भी प्रति सप्ताह राजनीतिक दलाें को उपलब्ध कराई जा रही है। इस दौरान ईवीएम मशीन के प्रदर्शन के संबंध में भी जानकारी ली गई।
अपराधियों की सूची बनकर तैयार
इस दौरान चंबल आईजी सुशांत सक्सेना ने कहा कि दतिया जिले की सीमा से लगे राज्यों में स्थाई वारंटियों की सूची भी शेयर की जाए। साथ ही प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी समय रहते पूर्ण कर ली जाए। निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए अवैध हथियार, अवैध शराब की धरपकड़ का अभियान भी तेजी के साथ चलाया जाए। जिससे चुनाव में मादक पदार्थों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लग सके। साथ ही अवैध हथियारों की धरपकड़ में भी तेजी लाई जाए।
आईजी ने कहा कि चुनाव में बाहर के अपराधी वारदात करने के लिए आते हैं। इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती के साथ नजर रखी जाएं।




