भोपाल । शहर में बड़ी झील के आसमान पर 30 सितंबर को होने वाले एयर शो को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।आमजन यह एयर शो बिल्कुल मुफ्त देख सकेंगे। उनके लिए बोट क्लब और वीआइपी रोड को चिह्नित किया गया है। इस दौरान 30 सितंबर को इन दोनों मार्गों से यातायात पूरी तरह से बंद रहेगा। एयर शो की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस ने कलेक्टटर आशीष सिंह के साथ बैठक ली।साथ ही कार्यक्रम के दौरान आमजन और वीवीआइपी के लिए बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित अन्य वीवीआइपी मौजूद रहेंगे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि एयर शो का आयोजन 30 सितंबर को किया जाएगा। जिसमें एक साथ 50 फाइटर प्लेन बड़े तालाब के ऊपर करतब दिखाएंगे। यह आगरा, ग्वालियर और गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से उड़ान भरकर भोपाल आएंगे।
22 से 25 सितंबर तक होगा अभ्यास
यह सभी फाइटर प्लेन 22 से 25 सितंबर तक भोपाल में अभ्यास करेंगे।आमजन एयर शो एकदम मुफ्त देख सकेंगे।उनके लिए बोट क्लब और वीआइपी रोड पर व्यवस्था की जाएगी। यह दोनों मार्ग पूरी तरह से बंद रहेंगे। यहां पर विशेष साज सज्जा के साथ ही स्पीकर लगाए जाएंगे।जिससे लाइव कमेंट्री लोगों को सुनाई देगी, जिससे उन्हें यह पता चल सकेगा कि कौन सा फाइटर प्लेन कहां से आया और वह क्या कतरब दिखाने जा रहा है। वहीं कार्यक्रम में वीवीआइपी के बैठने के लिए विंड एंड वेव्स में व्यवस्था की गई है। इनमें सिर्फ पास से ही प्रवेश दिया जाएगा, बाकी अन्य किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।