Friday, May 15, 2026
spot_img
Homeभोपालझमाझम बारिश से शहर तरबतर, तीन घंटे में तीन डिग्री लुढ़का पारा,...

झमाझम बारिश से शहर तरबतर, तीन घंटे में तीन डिग्री लुढ़का पारा, आज भी तेज बौछारें पड़ने की संभावना

भोपाल । इस बार श्रावण माह में मानसून ने निराश किया। भोपाल शहर में अगस्त माह की औसत वर्षा 326 मिलीमीटर की तुलना में सिर्फ 112.1 मिमी. ही वर्षा हुई, लेकिन सितंबर माह में मानसून के पुन: सक्रिय होने से अच्छी वर्षा का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को सुबह से ही शहर में रुक-रुककर बौछारें पड़ती रहीं। उधर रात नौ बजे झमाझम वर्षा से शहर तरबतर हो गया। इस दौरान तीन घंटे में तापमान तीन डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। उसके बाद भी रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला जारी रहा। वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शनिवार को भी तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक इस सीजन में एक जून से लेकर शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक कुल 559.6 मिमी. वर्षा हुई है। जो सामान्य वर्षा (860.6 मिमी.) की तुलना में 35 प्रतिशत कम है। राजधानी का सितंबर माह का वर्षा का कोटा 175.6 मिमी. है। इसकी तुलना में एक सितंबर से शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 33.6 मिमी. वर्षा हो चुकी है।

 

 

 

 

रायसेन से होकर गुजर रही मानसून द्रोणिका

 

 

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मध्यप्रदेश में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना रहने के साथ ही मानसून द्रोणिका भी रायसेन से होकर गुजर रही है। इस वजह से राजधानी भोपाल और आसपास अच्छी वर्षा हो रही है। उधर शुक्रवार को शाम साढ़े पांच बजे शहर का अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री दर्ज किया गया था। जो सामान्य से दो डिग्री कम था। शाम के बाद बौछारें पड़ने से तीन घंटे बाद रात साढ़े आठ बजे पारा लुढ़ककर 26.2 डिग्री पर आ गया था।
RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular