Kim Jong Un And Putin Meeting: रूस-यूक्रेन जंग (Russia-Ukraine War) के बीच दुनिया की टेंशन बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. दरअसल, उत्तर कोरिया के सनकी तानाशाह किम जोंग उन इस महीने रूस में व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात के लिए जा सकते हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि रूस, यूक्रेन में जारी युद्ध में इस्तेमाल के लिए सैन्य हथियार हासिल करने का प्रयास कर रहा है. एक अमेरिकी अधिकारी ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर बताया कि अमेरिका को उम्मीद है कि किम इस महीने ही रूस की यात्रा करेंगे और वहां रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे.
कहां होगी पुतिन और किम की मीटिंग?
अमेरिकी अधिकारी ने आगे कहा कि अमेरिका इस बात पर निश्चित नहीं है कि किम और पुतिन की मीटिंग कहां और किस जगह पर होगी, लेकिन प्रशांत महासागर में स्थित पोर्ट सिटी व्लादिवोस्तोक उत्तर कोरिया से अपनी सापेक्षिक दूरी की वजह से मीटिंग का संभावित स्थान हो सकता है. हालांकि, इसकी कोई पक्की जानकारी नहीं है.
किन मुद्दों पर बात करेंगे किम-पुतिन?
इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की प्रवक्ता एड्रीन वाटसन ने कहा कि रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोईगु ने पिछले महीने नॉर्थ कोरिया की यात्रा की थी और उसे रूस को गोला-बारूद बेचने के लिए मनाने का प्रयास किया था. वाटसन ने ये भी कहा कि हमें खबर मिली है कि किम जोंग उन इन चर्चाओं को जारी रख सकते हैं जिनमें रूस में नेता स्तर की राजनयिक भागीदारी भी शामिल है.
अमेरिकी की नॉर्थ कोरिया से अपील
उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका नॉर्थ कोरिया से अपील करता है कि वह रूस के साथ अपनी हथियार लेन-देन की बातचीत बंद कर दे और रूस को हथियार नहीं देने या न बेचने की सार्वजनिक प्रतिबद्धताओं का पालन करे. इससे पहले रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोईगु ने कहा था कि रूस और नॉर्थ कोरिया जल्द संयुक्त युद्ध अभ्यास भी कर सकते हैं.
डेढ़ साल से ज्यादा वक्त से रूस-यूक्रेन युद्ध जारीबता दें कि रूस-यूक्रेन के बीच युद्ध 24 फरवरी, 2022 से जारी है. इस युद्ध में दोनों तरफ से हजारों सैनिक मारे गए हैं और लाखों लोगों को विस्थापित होना पड़ा. यूक्रेन के कई शहर रूस ने तबाह कर दिए हैं. हालांकि, रूस की इतनी आक्रामकता के बावजूद यूक्रेन नहीं झुका और कई मोर्चों पर मुंहतोड़ जवाब दिया. यूक्रेन ने कई हिस्से रूस से वापस भी छीने. दोनों के बीच युद्ध जारी है. अभी तक शांति पर बात नहीं बन पाई है.




