Bhopal News: भोपाल । गांधी नगर थाना इलाके में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कारें आमने सामने टकरा गई। इस दौरान एक कार के एयरबैग खुल गए, जबकि दूसरी कार का एयरबैग नहीं खुल सका। हादसे में कार चालक की मौत हो गई। वह बिल्डर थे।
गांधी नगर थाना पुलिस के मुताबिक 58 वर्षीय राजीव पुत्र राजेंद्र कपूर, विवेकानंद कालोनी, पिपलानी में रहते थे। वह भवन निर्माण का कारोबार करते थे। रविवार दोपहर को वह कार से पत्नी को लेने एयरपोर्ट जा रहे थे। दोपहर करीब साढे तीन बजे वह आसाराम चौराहे पर पहुंचे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य कार से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में सामने वाली कार के सभी एयरबैग खुल गए, जबकि राजीव की कार का चालक वाली सीट के सामने लगा एयरबैग नहीं खुला। दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल होकर चालक की सीट पर फंसकर रह गए थे। राहगीरों ने किसी तरह उन्हें कार से बाहर निकालकर नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। वहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।




