इंदौर, । विश्व कप की मेजबानी से वंचित रहे इंदौर को अन्य द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी मिलना तय था। मगर होलकर स्टेडियम में चल रहे निर्माण कार्यों के चलते अब मेजबान मप्र क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) की चुनौतियां बढ़ गई हैं।
उल्लेखनीय है कि अक्टूबर में होने वाले वनडे विश्व कप से पहले ही भारत एक अंतरराष्ट्रीय वनडे मैच की मेजबानी करेगा। यह मुकाबला भारत और आस्ट्रेलिया के बीच 24 सितंबर को खेला जाएगा। इसके अलावा अगले साल जनवरी में अफगानिस्तान की टीम के खिलाफ टी-20 मैच की मेजबानी भी मप्र क्रिकेट संगठन को सौंपी गई है।
दरअसल होलकर स्टेडियम में नई लिफ्ट और ड्रेसिंग रूम के विस्तार सहित कई निर्माण कार्य चल रहे हैं। इन्हें अक्टूबर तक पूरा करने की योजना मप्र क्रिकेट संगठन (एमपीसीए) ने बनाई थी। मगर इस बीच बीसीसीआइ ने भ्रमणकारी आस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच की मेजबानी इंदौर को सौंप दी। पहले इसकी उम्मीद नहीं थी, इसलिए एमपीसीए ने काम शुरू करवा दिया।
एमपीसीए के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रोहित पंडित ने बताया कि स्टेडियम की सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है। स्टेडयम में चार नई लिफ्ट लगाई जा रही हैं, जिससे यहां मैच देखने आने वाले प्रशंसकों को सुविधा होगी। साथ ही खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ड्रेसिंग रूम का भी विस्तार हो रहा है। ड्रेसिंग रूम को 25 प्रतिशत बड़ा किया जा रहा है, जिससे खिलाड़ियों को ज्यादा स्थान मिल सके।वर्तमान दौर की जरूरतों के हिसाब से ड्रेसिंग रूम में अन्य सुविधाएं भी जुटाई जा रही हैं। इसके अलावा अंपायरों की सुविधाओं में भी विस्तार की योजना है। इसी क्रम में अंपायरों का रूम भी नया बनाया जा रहा है। इसे वर्तमान स्थान से बदलते हुए ड्रेसिंग रूम के दूसरी ओर बनाया जा रहा है। प्रसारकों को भी ज्यादा जगह की जरूरत होती है। इसे ध्यान में रखते हुए ई-प्रोडक्शन का क्षेत्र भी करीब दोगुना किया जा रहा है।
हालांकि सूत्रों के अनुसार, एमपीसीए अक्टूबर तक यह कार्य पूरे करने के हिसाब से काम कर रहा था। इस बीच अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी मिलने से अब काम की गति बढ़ाना होगी। अन्य निर्माण कार्य तो समय पर पूरे हो जाएंगे, लेकिन सबसे ज्यादा चिंता लिफ्ट को लेकर है।
स्टेडियम में नवनिर्माण कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। भारत में घरेलू क्रिकेट सत्र सितंबर में शुरू होता है तो उसी को ध्यान में रखते हुए हम काम कर रहे थे। मगर अब मेजबानी मिलने से निर्माण कार्य की गति और तेज करेंगे। हमें भरोसा है कि समय पर सभी काम पूरे हो जाएंगे।
-संजीव राव (एमपीसीए के सचिव)
इंदौर का टेस्ट धर्मशाला को मिला
इंग्लैंड की टीम पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए अगले साल मार्च महीने में भारत आएगी। बीसीसीआइ की रोटेशन नीति के अनुसार, इस सीरीज का एक टेस्ट इंदौर में होना था, लेकिन अब यह धर्मशाला में होगा। दरअसल धर्मशाला में होने वाला भारत-आस्ट्रेलिया टेस्ट अधूरी तैयारी के चलते इंदौर को सौंप दिया गया था। ऐसे में अब इंदौर की जगह धर्मशाला को मेजबानी सौंपकर हिसाब बराबर किया गया। इस सीरीज के टेस्ट हैदराबाद, विजाक, राजकोट, रांची और धर्मशाला में होंगे।
इंदौर में आस्ट्रेलिया (वनडे मैच) :
1-होलकर स्टेडियम में भारत बनाम आस्ट्रेलिया मैच 24 सितंबर 2017 को खेला गया। भारतीय टीम पांच विकेट से जीती थी।
2- नेहरू स्टेडियम में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच 31 मार्च 2001 को मैच खेला गया। भारतीय टीम 118 रनों से विजयी हुई।
3- नेहरू स्टेडियम में 19 अक्टूबर 1996 को आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच वनडे मैच खेला गया। दक्षिण अफ्रीकी टीम सात विकेट से जीती।
4- नेहरू स्टेडियम में आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच अक्टूबर 1987 को विश्व कप का मैच खेला गया। वर्षा के व्यवधान के कारण यह मैच दो दिन 18 और 19 अक्टूबर को हुआ। आस्ट्रेलिया तीन रन से जीता।
5- नेहरू स्टेडियम में भारत और आस्ट्रेलिया के बीच छह अक्टूबर 1984 को मैच खेला गया। आस्ट्रेलिया ने यह मैच छह विकेट से जीता।