Friday, May 15, 2026
spot_img
Homeभोपालमेट्रो के लिए पटरियां बिछाने का काम 20 अगस्‍त तक पूरा करने...

मेट्रो के लिए पटरियां बिछाने का काम 20 अगस्‍त तक पूरा करने के निर्देश

भोपाल । वर्षा के दौरान मेट्रो रेल पटरी बिछाने का काम रुकना नहीं चाहिए। बेल्डिंग का काम किया जा सके, इसके लिए अस्थायी इंतजाम किए जाएं। किसी भी हालत में 20 अगस्त तक पटरी बिछाने का काम पूरा किया जाए। इसके लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए, जिससे सितंबर में मेट्रो का ट्रायल रन हो सके। यह निर्देश मेट्रो रेल कार्पोरेशन के प्रबंध संचालक मनीष सिंह ने सोमवार को समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए हैं। वह इंदौर-भोपाल मेट्रो प्रोजेक्ट के काम की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान निदेशक अजय शर्मा, वित्त निदेशक नीति कोठारी, सिस्टम निदेशक शोभित टंडन, महाप्रबंधक ट्रैक अजय गुप्ता सहित कार्पोरेशन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनरल कंसल्‍टेंट आदि मौजूद थे।
एमडी मनीष सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार भोपाल एवं इंदौर में चल रहे मेट्रो निर्माण कार्य की प्रगति पर निरंतर नजर रखी जा रही है और अधिकारियों से समय-समय पर रिपोर्ट ली जा रही है। इसी क्रम में सितंबर में होने वाले प्रायोरिटी कारिडोर के मेट्रो ट्रायल रन के लक्ष्य को देखते हुए मेट्रो निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर सोमवार को समीक्षा की गई है। इसमें मेट्रो से संबंधित प्रत्येक बिंदु पर विस्तार से चर्चा की गई है।

 

काम बंद रखने पर जताई आपत्ति, किया सचेत
मनीष सिंह ने इंदौर मेट्रो में वायाडक्ट पर प्लिन्थ बीम के कार्य को दिन में अनावश्यक रूप से बंद रखने को लेकर जनरल कंसल्‍टेंट के परियोजना निदेशक साइमन फोरी और उप परियोजना निदेशक इंदौर जनरल कंसलटेंट परशुराम व महाप्रबंधक इंदौर मेट्रो रेल के प्रति कड़ी आपत्ति जताई है। साथ ही दूरभाष से इंदौर मेट्रो एवं जनरल कंसलटेंट के अधिकारियों को सख्त निर्देश एवं सचेत किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही एलएंडटी भोपाल एवं आइएससी/टेक्समाको इंदौर ट्रे कांट्रेक्टर को दूरभाष से निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान कार्य नहीं रुकना चाहिए। इसके लिए अस्थायी इंतजाम करें, जिससे पटरी बेल्डिंग का कार्य बाधित न हो।

भोपाल में 1715 और इंदौर को मिली 2105 मीट्रिक टन पटरी
बैठक के दौरान अधिकारियों ने मनीष सिंह को बताया कि भोपाल को अब तक 1715 मीट्रिक टन पटरी प्राप्त हो चुकी है। साथ ही वायाडक्ट पर अब तक लगभग दो किलोमीटर पटरी बिछाई जा चुकी है। इंदौर को अब तक 2105 मीट्रिक टन पटरी प्राप्त हो चुकी है। लगभग तीन किलोमीटर वायाडक्ट एवं एक किमी डिपो पर पटरी बिछाई जा चुकी है। इस पर मनीष सिंह ने कहा कि पटरी कार्य में तेजी लाने के लिए मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए। उन्होंने ट्रैक कांट्रेक्टर को निर्देश दिए कि दो दिन में संख्या बढ़ाकर 20 अगस्त तक पटरी बिछाने का काम पूरा किया जाए।

नहीं बदली जाएगी ट्रायल रन की समयसीमा
एमडी ने अधिकारियों को बैठक में स्पष्ट कर दिया है कि इस बार सितंबर महीने में होने वाले ट्रायल रन की समयसीमा किसी तरह से नहीं बदली जाएगी। इससे पहले सभी कार्य पूरे होना चाहिए। इस पर अधिकारियों ने कहा कि प्रायोरिटी कारिडोर के तहत इंदौर एवं भोपाल में स्टेशन से संबंधित कार्य और सिविल एवं सिस्टम के सभी कार्य द्रुत गति से किए जा रहे है। यह सभी कार्य समय पर पूर्ण कर लिए जाएंगे। एमडी ने कहा कि वह 10 दिन बाद फिर समीक्षा बैठक एवं निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखेंगे।
RELATED ARTICLES

ADVERTISMENT

Most Popular